देवर भाभी ने होटल के कमरे में खाया विषाक्त, दोनों की मौत

♦ अलीगढ़ से आकर होटल में ठहरे थे दोनों, सुबह किसी बात को लेकर हुआ था झगड़ा
मथुरा। कोतवाली क्षेत्र के सौंख अड्डा रोड स्थित होटल ब्रजधाम में तीन वर्षीय बच्चे के साथ ठहरे रिश्ते के देवर भाभी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में पहले दोनों को जिला अस्पताल में और फिर आगरा के लिए रैफर दिया। आगरा में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
अलीगढ़ जनपद के नगला लाला कटेरा निवासी दिनेश पुत्र रामवीर सिंह उम्र 32 वर्ष अपनी रिश्तेदारी की भाभी गुंजन पत्नी किशन और उसके तीन वर्षीय बच्चे के साथ मथुरा में आए थे। यहां पर वह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सौख अड्डा स्थित ब्रजधाम होटल के रूम नम्बर 104 में ठहरे थे। शुक्रवार तडक़े दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने ही कीटनाशक पदार्थ खा लिया।
कीटनाशक खाने के बाद दोनों का दम घुटने लगा इसके चलते दोनों चीखने लगे। कमरे से आ रही चीखों को सुनने के बाद होटल कर्मचारी रूम में पहुंचे। वहां का दृश्य देख कर्मचारियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों के मुंह से झाग निकल रहे थे। इसकी सूचना होटल कर्मियों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने दोनों की स्थिति देखते हुए उनको आगरा रैफर कर दिया। आगरा के एसएन मैडिकल कालेज में इलाज के दौरान दोनों ने ही दम तोड़ दिया।
पति, पत्नी के रूप में लिया था होटल में कमरा
एसपी सिटी श्रवण कुमार ने बताया कि दोनों ही रिश्ते के देवर और भाभी हैं। उनके साथ 3 साल का बच्चा है। बच्चे के अनुसार रात में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इससे पहले भी दोनों इसी होटल में आकर ठहर चुके हैं। होटल में जो कमरा लिया गया उसमें दोनों को पति पत्नी के रूप में दर्शाया गया था। दोनों ने पांच पैकट सल्फास के खाये। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
