सांड़ के हमले से ग्रामीण घायल

मथुरा। मांट के गांव घड़ी मनसुख में एक आवारा सांड़ ने आतंक मचा रखा है। उसके हमले में आधा दर्जन घायल हो गए हैं। लेकिन तहसील व ग्राम सभा ने इसे पकड़वाने का कोई इंतजाम नहीं किया है। गुरुवार रात्रि में साइकिल से जा रहे एक ग्रामीण पर सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जिसे ग्रामीणों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना मांट के गांव गढ़ी मनसुख में आवारा सांड़ के आंतक से लोग खौफजदां है। यह सांड़ आधा दर्जन लोगों पर हमला करके घायल कर चुका है। गुरुवार रात्रि गांव गढ़ी मनसुख निवासी बिजेन्द्र सिंह साईकिल से जाबरा टोल प्लाजा पर ड्यूटी करने जा रहा था जैसे ही वह नसीटी मार्ग पर पहुंचा तो इस पागल सांड़ ने उस पर हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीण व आसपास के लोगों ने घायल बिजेन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन व ग्राम सभा के द्वारा अभी तक उसे पकडऩे के लिए कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। शायद प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार है।
