Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > मथुरा > मुड़िया मेला में उमड़ने लगा आस्था और भक्ति का सैलाब

मुड़िया मेला में उमड़ने लगा आस्था और भक्ति का सैलाब

मुड़िया मेला में उमड़ने लगा आस्था और भक्ति का सैलाब
X

गोवर्धन। ब्रज के हदय स्थल राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला के शुरू होते ही तलहटी में गिरिराज के भक्तों का सैलाब उमड़ने लगा है। दूसरे दिन शुक्रवार से भक्तों का कारवां गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा करने के लिए तलहटी में लालायित है। चारों ओर गिरिराज महाराज के जयकारे वातावरण को गुंजायमान कर रहे हैं। हर कोई अपने आराध्य की सप्तकोसीय परिक्रमा कर अपनी मन की मुरादें पूरी करने के लिए गिरिराज के दरबार में पहुंच रहा है।

गिरिराज दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी को नमन कर श्रद्धालु गगनभेदी जयकारे के साथ परिक्रमा में उतर रहे हैं। देश के कोने-कोने से गिरिराज परिक्रमा को उमड़ रहे श्रद्धालुओं से तलहटी में अनेकता में एकता का नजारा जीवंत हो रहा है। पहले दिन रात्रि में उमस भरी गर्मी तो सुबह होते ही इन्द्रदेव की मेहरबानी से हुई बरसात के बीच भक्तों ने परिक्रमा लगाई। दूसरे दिन शुक्रवार को भी तपन व उमस का सामना करना पड़ा। प्रमुख गिरिराज दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद मंदिर व जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में रोशनी की अद्भुत सजावट मेले की रौनक बढ़ा रही है। बूढ़े हों या जवान, बच्चे हों या महिला सभी परिक्रमा में उत्साहित दिखाई दिये। मानसी गंगा के घाटों के ऊपर लगे फुव्वारों स्नान व आचमन के लिए शुरू कर दिये गये। भक्त गिरिराज महाराज पर दुग्धाभिषेक कर रहे हैं। मुड़िया मेला देवशयनी एकादशी से 3 जुलाई तक चलेगा। जैसे-जैसे मेला अपने अंतिम ओर बढ़ता है वैसे-वैसे यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होता है। गोवर्धन पहुंचने वाले सभी रास्तों पर भीड़ ही भीड़ दिखाई देने लगी है।

Updated : 30 Jun 2023 9:04 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top