Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > मथुरा > काशी के बाद मथुरा में शाही ईदगाह के सर्वे की मांग, कोर्ट में दायर हुई याचिका

काशी के बाद मथुरा में शाही ईदगाह के सर्वे की मांग, कोर्ट में दायर हुई याचिका

काशी के बाद मथुरा में शाही ईदगाह के सर्वे की मांग, कोर्ट में दायर हुई याचिका
X

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मामले में सोमवार को एक वादकारी अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योति सिंह की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। उन्होंने ज्ञानवापी परिसर की तरह कमिश्नर नियुक्त कर शाही मस्जिद ईदगाह में भी सर्वे कराने की मांग की है। इस प्रार्थना पत्र पर मंगलवार को सुनवाई होगी। गौरतलब हो कि महेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्व में वाद दायर कर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर से शाही मस्जिद हटाकर पूरी 13.37 एकड़ जमीन ठाकुर केशवदेव को सौंपने की मांग की है।

सोमवार को अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने सिविल जज की अदालत में एक प्रार्थना पत्र दाखिल किया। इसमें शाही ईदगाह का सर्वे कराने की मांग की गई। कोर्ट में दाखिल किए गए प्रार्थना पत्र में वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के लिए दिए गए आदेश की कॉपी भी सबमिट की है। प्रार्थना पत्र दाखिल करने वाले महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि वहां पर स्वास्तिक, ओम, कमल जैसे हिंदू निशान मौजूद हैं। इनकी वीडियोग्राफी होनी चाहिए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान भूमि विवाद संख्या 950/2020 के केस में वादी अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें बनारस की तर्ज पर मथुरा में भी वरिष्ठ अधिवक्ता को कमिश्नर नियुक्त करने की मांग की गई है। इसके साथ ही शाही ईदगाह में जाकर स्थलीय निरीक्षण करने और वहां की वीडियोग्राफी कराकर कोर्ट में पेश करने की मांग की गई है।

Updated : 15 May 2022 4:52 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top