Home > Lead Story > यूपी में सबसे ज्यादा दिन तक शासन करने वाले भाजपाई सीएम बने योगी

यूपी में सबसे ज्यादा दिन तक शासन करने वाले भाजपाई सीएम बने योगी

बीजेपी की ओर से यूपी में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकार्ड योगी आदित्यनाथ ने अपने नाम दर्ज करा लिया है।

यूपी में सबसे ज्यादा दिन तक शासन करने वाले भाजपाई सीएम बने योगी
X

  • 19 मार्च 2021 को बतौर भाजपाई सीएम चार वर्ष का कार्यकाल किया पूरा
  • स्वतंत्रता के पश्चात उत्तर प्रदेश में अब तक पांच बार रही भाजपा की सरकार

लखनऊ (संतोष कुमार सिंह): भारतीय जनता पार्टी की ओर से यूपी में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकार्ड योगी आदित्यनाथ ने अपने नाम दर्ज करा लिया है। स्वतंत्रता के पश्चात संयुक्त प्रान्त उत्तर प्रदेश में अब तक पांच बार भाजपा का शासन काल रहा। इसमें कल्याण सिंह दो बार और राम प्रकाश गुप्त तथा राजनाथ सिंह एक-एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इनमें से किसी ने भी पाँच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया। योगी भाजपा की ओर से ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो 19 मार्च को चार साल का कार्यकाल पूरा कर पाँचवें साल की ओर अग्रसर हो चुके हैं।

यूपी में ग्यारहवीं विधानसभा चुनाव में पहली बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आयी। अतरौली विधानसभा से बीजेपी के टिकट पर जीत हांसिल कर कल्याण सिंह विधायक दल के नेता चुने गए। बतौर मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने 1 वर्ष, 165 दिन तक सूबे की बागडोर संभाली। 24 जून 1991 से 6 दिसम्बर 1992 तक भाजपा के पहले सीएम रहे। कल्याण सिंह ने अयोध्या के लिए अपनी सत्ता की बलि चढ़ा दी थी। छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस के चलते कल्याण सिंह की सरकार को बर्खास्त कर दिया गया था।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार दूसरी बार सितंबर 1997 में बनी और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पुनः कल्याण सिंह विराजमान हुए। कल्याण सिंह इस बार 2 साल 52 दिन ही सीएम पद पर रहे। अटल बिहारी वाजपेयी के साथ बिगड़े रिश्ते के चलते उन्हें अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। इसके बाद बीजेपी ने राम प्रकाश गुप्ता को 12 नवंबर 1999 को मुख्यमंत्री बनाया जो 28 अक्टूबर 2000 तक ही अपने पद पर रह सके। इस तरह से राम प्रकाश गुप्ता महज 351 दिन ही सीएम रहे।

राम प्रकाश गुप्ता के बाद बीजेपी से मौजूदा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह साल 2000 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। राजनाथ सिंह एक साल 131 दिन ही सीएम के पद पर रहे और 2002 में चुनाव हुए तो बीजेपी की सत्ता में वापसी नहीं हो सकी। 15 साल के बाद 2017 में बीजेपी को यूपी में प्रचंड बहुमत मिला और मुख्यमंत्री का ताज योगी आदित्यनाथ के सिर सजा। 19 मार्च 2021 को योगी ने बतौर मुख्यमंत्री चार साल का कार्यकाल पूरा करके पाँचवें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। योगी ने सबसे ज्यादा दिन तक शासन करने वाले भाजपाई मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड स्थापित किया हैं।

Updated : 3 April 2021 6:14 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Lucknow

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top