Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लांच किया MyGov UP, कहा - लोग जान सकेंगे सुझाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लांच किया MyGov UP, कहा - लोग जान सकेंगे सुझाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लांच किया MyGov UP, कहा - लोग जान सकेंगे सुझाव
X

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से सरकार तथा नागरिकों के बीच संवाद के लिए नए पोर्टल मेरी सरकार (up.mygov.in) पोर्टल को लॉन्च किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक के माध्यम से लोकतंत्र की जिन भावनाओं को साकार करने के लिए 'My Gov' पोर्टल का शुभारंभ किया था, उसी का अनुसरण करते हुए यूपी सरकार ने प्रदेश की जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए 'MyGov UP' मेरी सरकार पोर्टल को लॉन्च किया है। उन्होंने बताया कि MyGov पोर्टल से 01 करोड़ 85 लाख से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। मैं इस पोर्टल से जुड़ी हुई पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं उनका अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने भारत सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने एवं उनसे संवाद बनाने के लिए इस पोर्टल का बेहतरीन उपयोग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'MyGov UP' पोर्टल के माध्यम से हमें लोगों के सुझाव जानने, सहयोग लेने व इनोवेशन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और हम शासन की योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति तक पहुंचाकर ही अन्त्योदय का संकल्प पूरा होगा।

योगी ने कहा कि इस पोर्टल के जरिए हम लोगों के सुझाव जान पाएंगे और इससे सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। यह पोर्टल बेहतर सेवाओं के लिए जाना जाएगा। इससे पहले भी योगी जनता से सीधे जुड़ने के लिए जनता दरबार लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में लोग मानते थे कि उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं है, यहां कुछ नहीं हो सकता है। प्रदेश में राजस्व की आवक भी बहुत कम थी, लेकिन तकनीक का उपयोग करते हुए हम लोगों ने जो कार्य किए, उससे आज राज्य आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को लेकर यह धारणा थी कि 'यहां कुछ नहीं हो सकता है' उससे आगे निकलकर उत्तर प्रदेश आज आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास किया है। मुझे प्रसन्नता है कि भारत सरकार के सहयोग से आज 'MyGov UP' के इस पोर्टल का शुभारंभ हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल का उद्देश्य राज्य सरकार के साथ आम नागरिक के जुड़ाव को और बढ़ाना है। यह शासन की योजनाओं को प्रसारित करने और उन पर आम नागरिकों की राय जानने के लिए एक प्रमुख मंच होगा। 'MyGov मेरी सरकार' पोर्टल राज्य के लोगों को उनके विचारों, सुझावों और प्रतिक्रिया को संप्रेषित करने में मदद करेगा। 'MyGov मेरी सरकार' पोर्टल जन भागीदारी व सुशासन हेतु एक अभिनव मंच बनेगा।

Updated : 12 Oct 2021 10:12 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top