नेहा सिंह राठौर पर फिर लटकी कानून की तलवार: पाकिस्तानी मीडिया और सरकार ने नेहा के वीडियो को औजार बनाकर किया इस्तेमाल

पाकिस्तानी मीडिया और सरकार ने नेहा के वीडियो को औजार बनाकर किया इस्तेमाल
X
अंबेडकरनगर की बहू नेहा तो शिकायतकर्ता अभय सिंह निर्भीक भी हैं यहीं के निवासी

लखनऊ। बिहार की बेटी और अंबेडकरनगर की बहू लोक गायिका नेहा सिंह राठौर पर कानून की तलवार लटकने के साथ उनकी मुसीबत फिर बढ़ने लगी है। लखनऊ के हजरतगंज थाने में रविवार को अंबेडकरनगर जिले के ही निवासी वीर रस के प्रख्यात कवि अभय सिंह निर्भीक की तहरीर पर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

इसके पहले भी इन पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। नेहा के वीडियो को पाकिस्तानी मीडिया और वहां की सरकार भारत के विरुद्ध औजार बनाकर इस्तेमाल किया जा रहा है।

गायन और अपनी टिप्पणियों को लेकर हमेशा चर्चा में रही नेहा सिंह राठौर के खिलाफ इस बार लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में अंबेडकरनगर के मूल निवासी और गुडंबा क्षेत्र में रह रहे ओज कवि अभय प्रताप सिंह (अभय निर्भीक) ने दर्ज कराया है। इस बार नेहा पर कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने, देश विरोधी बातें कर विद्वेष फैलाने और शांति-व्यवस्था भंग करने की साजिश का आरोप है।

नेहा सिंह राठौर बिहार प्रान्त के कैमूर जिले की बेटी हैं। जिन्होंने छात्र जीवन से ही गायन शुरू कर दिया था। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी पर उनका एक गीत काफी वायरल हुआ था। जिसके साथ ही वो सुर्खियों में आई थी। बिहार में का बा, यूपी में का बा, एमपी में का बा गाने के चलते उनके खिलाफ साल भर पहले केस दर्ज हो चुका हैं। इसी बीच नेहा ने 2022 में अंबेडकरनगर के हिमांशु सिंह से शादी की थी। शादी के पूर्व दिल्ली के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में कार्यरत थे, लेकिन बाद में उन्हें संस्थान छोड़ना पड़ा। सीधी कांड एक पोस्ट को लेकर नेहा के खिलाफ इंदौर में भी केस दर्ज हुआ था। ये मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।

नेहा के कृत्य से धूमिल हो रही भारत की छवि : कवि अभय सिंह निर्भीक ने 'स्वदेश' को बताया कि गायिका ने आतंकी हमले में मारे गए र्निदोषों पर सवाल उठाया है। एक्स हैंडल सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक पोस्ट कर उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने और जाति धर्म के नाम पर दो समुदायों को उकसाने की कोशिश की है। नेहा के देश विरोधी बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दुश्मन देश पाकिस्तान में नेहा के बयानों की प्रशांसा हो रही है। देश विरोधी बयान पाकिस्तानी मीडिया में चल रहे हैं। इससे देश की छवि खराब हो रही है।विश्वपटल पर भारत के मान सम्मान का हनन हो रहा है।


नेहा ने सोशल मीडिया में दी सफाई, हमने तो सिर्फ सवाल किया : लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने अपने खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किया। जिसमें कहा कि उन्होंने सिर्फ सवाल पूछा है। इस तानाशाह सरकार में सवाल पूछना अपराध बनता जा रहा है। तमाम मुद्दों पर सवाल पूछने वालों का दमन करने वाली सरकार में यदि दम होता तो आतंकियों का सिर काट कर ले आती। नेहा ने कहा कि वह हिम्मत हारने वाली नहीं है। अंतिम सांस तक सरकार से सवाल पूछता रहेंगी।

सामने आया भाजपा का महिला विरोधी चेहरा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ विजय शंकर तिवारी ने कहा कि नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा का महिला विरोधी चेहरा सामने आया है। नेहा के सवालों वाले लोकगीतों को करोड़ों जनता पसंद करती है। जहां भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी खुलकर नहीं मुखर हो पा रहा वहां एक बेटी का साहस संविधान विरोधी भाजपा से बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

Tags

Next Story