Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > सुभासपा में बढ़ी रार, हजारों कार्यकर्ताओं ने छोड़ा ओपी राजभर का साथ

सुभासपा में बढ़ी रार, हजारों कार्यकर्ताओं ने छोड़ा ओपी राजभर का साथ

सुभासपा में बढ़ी रार, हजारों कार्यकर्ताओं ने छोड़ा ओपी राजभर का साथ
X

लखनऊ। ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में बढी रार थमने का नाम नहीं ले रही है। विगत एक सप्ताह पूर्व जहां पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र राजभर समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था तो दूसरी ओर शुक्रवार को सुभासपा के मऊ जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर ने पार्टी नेतृत्व पर अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।

घोसी विधानसभा के मधुबन मोड स्थित किशोर वाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर व जिला उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर ने बताया कि ओमप्रकाश राजभर अपने विजन से भटक गये हैं और केवल धन कमाने के लालच में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है। पिछड़ों, अति पिछड़ा, दलितों, शोषितों के संरक्षण के लिए बनी पार्टी अपने रास्ते से भटक गई है और केवल पैसा कमाना ही उसका उद्देश्य बन गया है।

उपेक्षा का आरोप -

जिला उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने पार्टी नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा से रास्ता भटक गई है जिससे अब इसमें बने रहना मुश्किल हो गया है इसलिए पार्टी छोड़ना पड़ रहा है। जिस पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं, वहां रहना उचित नहीं है। इन दो नेताओं के साथ पार्टी के करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बहरहाल पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र राजभर के पार्टी छोड़ने के बाद सुभासपा में बढ़ी अन्तर्कलह थमने का नाम नहीं ले रही है और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की बाढ़ सी आ गई है। पिछले 1 सप्ताह में लगभग सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

Updated : 9 Sep 2022 12:58 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top