Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > शिवपाल ने अखिलेश को दिया झटका, सपा से अलग निकाय चुनाव लड़ने का किया ऐलान

शिवपाल ने अखिलेश को दिया झटका, सपा से अलग निकाय चुनाव लड़ने का किया ऐलान

शिवपाल ने अखिलेश को दिया झटका, सपा से अलग निकाय चुनाव लड़ने का किया ऐलान
X

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) समाजवादी पार्टी का हर मंच पर विरोध करेगी। इसके साथ ही भाजपा के अच्छे कामों का समर्थन करने का भी निर्णय लिया है। यह निर्णय प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव की अध्यक्षता में हुए बैठक में लिया गया। इस बैठक में संगठन के सभी जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे।

लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में शिवपाल यादव ने एक-एक पदाधिकारी से बात की और उनके मनोभावों को भी समझा। बीते दिनों में पार्टी द्वारा कहां-कहां गलतियां की गयी, इन मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही आने वाले समय की रणनीति पर भी मंथन किया गया। इसके बाद निर्णय हुआ कि समाजवादी पार्टी का हर मंच पर खुलकर विरोध किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा के अच्छे कामों का समर्थन करने का भी निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर शिवपाल यादव ने कहा कि प्रगतिशील सामाजवादी पार्टी (लोहिया) अपने पूर्व के अनुभवों से सबक लेते हुए आसन्न स्थानीय निकाय का चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। शिवपाल यादव ने कहा कि पिछले कुछ महीने मेरे जीवन के सबसे कठिन समय थे। यह राजनीतिक धैर्य, त्याग, आत्म संयम और समाज की उम्मीदों की परीक्षा थी। आप सभी के भावनाओं और जनभावना का सम्मान करते हुए हमने खुले हृदय से सपा के साथ गठबंधन किया था, उसके प्रति उत्तर में हमारे साथ विश्वासघात हुआ। इस घात का परिणाम यह है कि आज सामाजवादी पार्टी विपक्ष में बैठी है।

शिवपाल यादव ने कहा कि प्रसपा प्रगतिशील समाजवाद व समावेशी राष्ट्रवाद के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ेगी। राम के नाम पर विभाजन व नफरत की राजनीति की इजाजत किसी को नहीं है।करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक का संचालन प्रदेश प्रमुख महासचिव अभिषेक सिंह 'आशू' ने किया । बैठक में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा, वरिष्ठ समाजवादी रिछपाल चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव चक्रपाणि यादव, राष्ट्रीय महासचिव राम सिंह यादव और विभिन्न जिलाध्यक्षों ने अपने विचार रखे।

इस संबंध में प्रसपा के प्रदेश प्रवक्ता व छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश यादव का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल के नेतृत्व में कई निर्णय हुए। इसमें प्रमुख रहा कि भविष्य में हम किसी दूसरे दल से गठबंधन करने की ओर हाथ बढ़ा सकते हैं। हम प्रदेश में हमेशा अलग पहचान बनाकर रखेंगे और पार्टी हित में निर्णय त्वरित किया जाएगा।

Updated : 8 Jun 2022 2:52 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top