वीपी सिंह के विचारों की विरासत को सहेजने में जुटे 'शेखर': 25 जून को जयंती पर याद किए जाएंगे जननायक वीपी सिंह…

लखनऊ। देश के सातवें प्रधानमंत्री जननायक विश्वनाथ प्रताप सिंह उपाख्य वीपी सिंह साहेब की जयंती का कार्यक्रम राष्ट्रीय किसान मंच 25 जून को लखनऊ के गांधी भवन सभागार में भव्यता से मनाया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक एवं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शेखर दीक्षित ने 'स्वदेश' को बताया कि जयंती समारोह का शुभारंभ दोपहर 12 बजे होगा और 4 बजे तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि देश भर में फैले वीपी सिंह के अनुयायियों को जयंती के बहाने ही सही एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शेखर दीक्षित ने 'स्वदेश' को बताया कि इस वर्ष वीपी सिंह के जयंती समारोह में वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुनील शास्त्री, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार संतोष भारतीय, ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेंद्र प्रताप सिंह, अंतर्राष्ट्रीय सनातन धर्म संस्थान के अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर स्वामी विद्या चैतन्य महाराज, राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिंह, मनरेगा मजदूर समिति के अध्यक्ष डॉ. बृज बिहारी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट धर्मेंद्र मिश्रा एवं पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक अवस्थी रहेंगे। मंच के साथ ही, सभाकक्ष में भी महनीय और गणमान्य महानुभावों की उपस्थिति रहेगी। समाज से आग्रह भी किया गया है कि आएं और राजा साहब के विचारों को सुनें-गुनें।
पंडित शेखर दीक्षित
राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शेखर दीक्षित ने 'स्वदेश' को बताया कि देश भर में फैले वीपी सिंह के अनुयायियों और समर्थकों को एक मंच पर लाकर जयंती के बहाने ही सही उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं विचारों पर परिचर्चा का प्रयास किया जा रहा है।
बाबा साहब के सामाजिक न्याय को वीपी सिंह साहब ने सच्चे अर्थों में अमलीजामा पहनाया। कथित पीडीए वाले भी वीपी सिंह साहब को अब स्मरण नहीं करते हैं। ऐसे में राजा साहब के विचारों की विरासत को सहेजने के लिए ऐसे प्रयास होते रहने चाहिए।
