केशव प्रसाद मौर्य को दोबारा मिलेगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान!: अमित शाह, राजनाथ सिंह और आनंदीबेन पटेल से मुलाकात के बाद चर्चा तेज…

अतुल मोहन सिंह, लखनऊ। लंबे वक्त से भाजपा के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश पर फिलहाल विराम लगने वाला है। हालिया मेल-मुलाकातों और विश्वस्त सूत्रों के अनुसार नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय कर लिया है। उप मुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के नाम पर औपचारिक मुहर लगना बाकी है। इसके पीछे केशव मौर्य की हालिया दिल्ली दौड़ से स्थिति एकदम स्पष्ट हो जाती है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इधर के चार दिनों में शीर्ष नेतृत्व से मेल-मिलाप करते देखे गए हैं। कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात से इन चर्चाओं को और मजबूती मिली है। 8 जुलाई को केशव प्रसाद मौर्य केंद्रीय गृह मंत्री से मिलने उनके आवास पाए गए थे। बताया जा रहा है कि कई महीने बाद हुई यह बैठक खरीद एक घंटे तक चली।
9 जुलाई को जन्मदिन के अवसर पर केशव मौर्य ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। दिल्ली से लौटने के बाद केशव मौर्य ने 11 जुलाई को राजभवन जाकर उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से सौजन्य भेंट की। इसके बाद से ही इस चर्चा को और बल मिल गया। इसके साथ ही, भाजपा की राजनीति को करीब से समझने वालों का मानना है कि केशव प्रसाद मौर्य पर पार्टी एक बार फिर से दांव लगा सकती है। फिलहाल बहुत जल्द ही है भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित कर दिया जाएगा।
जातिगत समीकरणों के लिहाज से केशव सबसे मुफीद चेहरे : दिल्ली से लखनऊ तक सबको इस बात का इंतजार है कि आखिर नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा। कयास तो पार्टी के नेताओं और राजनीतिक विश्लेषकों की ओर से जातिगत आधार पर ब्राह्मण से लेकर दलित और पिछड़े से लेकर अति पिछड़े नेताओं के नाम पर लगाया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि जिस तरीके से बीते कुछ दिनों में मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का नाम प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर चर्चा में आया है उससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। केशव प्रसाद मौर्य की दावेदारी इसलिए भी मजबूत मानी जा रही है क्योंकि वह एक बड़े चेहरे के तौर पर बीते चुनावों में सामने रहे हैं। यह बात अलग है कि वह 2022 में अपना विधानसभा चुनाव हार गए। जातिगत समीकरणों के लिहाज से केशव अभी भी सबसे मुफीद चेहरे के तौर पर देखे जा रहे हैं।
