Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > जावेद अहमद ने छोड़ी कांग्रेस, कहा - "सलमान खुर्शीद ने पार्टी को गर्त में धकेला"

जावेद अहमद ने छोड़ी कांग्रेस, कहा - "सलमान खुर्शीद ने पार्टी को गर्त में धकेला"

जावेद अहमद ने छोड़ी कांग्रेस,  कहा - सलमान खुर्शीद ने पार्टी को गर्त में धकेला
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जावेद अहमद खान ने सोमवार को अपने पद व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद, राशिद अल्वी व मणिशंकर अय्यर जैसे कांग्रेस नेताओं ने पार्टी को गर्त में ढकेलने का काम किया है। जावेद अहमद ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस में बीजेपी के लिए काम करने वाले बड़े नेताओं की फौज है। कांग्रेस के कुछ नेता चुनाव आते ही ऐसे बयान देते हैं जो बीजेपी को लाभ पहुंचाते हैं और कांग्रेस की विचारधारा को नुकसान पहुंचाते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी से लड़ने की क्षमता केवल कांग्रेस में थी लेकिन कांग्रेस के कुछ नेता प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। जावेद अहमद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार उदास हैं। उन्होंने अपने त्यागपत्र में कहा कि यह समय संविधान, लोकतंत्र, महापुरुषों के सम्मान को बचाने का है। कांग्रेस की विचारधारा को तुष्टिकरण की विचारधारा बनाकर पेश करने में लगे यह नेता भाजपा की पिच पर कांग्रेस को खेलने के लिये विवश करते हैं, जिससे कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है।

जावेद अहमद खान ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही भाजपा की चुनौती का सामना कर सकती है, किन्तु वामपंथी विचारधारा के लोग दक्षिणपंथियों को मजबूत व कांग्रेस को कमजोर करने के लिये काम कर रहे हैं। हालात इस तरह के हैं कि जैसे कांग्रेस के लिये नहीं, हम भाजपा के लिये कार्य कर रहे हैं। इसी कारण त्यागपत्र देना ही अंतरात्मा की मांग थी।

Updated : 17 Nov 2021 10:21 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top