Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > विपक्ष के पास बताने को कुछ नहीं सिर्फ सोशल मीडिया पर हल्ला मचा रहे : योगी आदित्यनाथ

विपक्ष के पास बताने को कुछ नहीं सिर्फ सोशल मीडिया पर हल्ला मचा रहे : योगी आदित्यनाथ

विपक्ष के पास बताने को कुछ नहीं सिर्फ सोशल मीडिया पर हल्ला मचा रहे : योगी आदित्यनाथ
X

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष के पास बताने को कुछ नहीं है। वह केवल सोशल मीडिया पर हल्ला मचा रहे हैं। आप को अपनी सरकारों की उपलब्धियां उनसे भी कई गुना अधिक आक्रामक तरीके से अध्ययन के साथ रखनी होंगी। युद्ध में नेतृत्व के बारे में चिंता नहीं करनी है। सबको मिलकर लड़ना होगा। यह सारा दारोमदार आप सबके ऊपर होगा। 2014,2017 और 2019 की तरह जनता 2022 में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का मन बनाकर बैठी है। मुख्यमंत्री ने यह बातें सोमवार को भाजपा मीडिया विभाग की कार्यशाला में पार्टी के मीडिया प्रभारियों प्रवक्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यशाला में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया प्रभारियों और प्रवक्ताओं को कई गुर दिए। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने एक अभियान अपने हाथों में लिया है। 2017 में भाजपा जिन सीटों पर सफलता हासिल नहीं कर पाई थी वहां सम्मेलन करना शुरू किया है। कल कुशीनगर गया था। वहां के लोगों में अपार उत्साह देखने को मिला। इसलिए हमसबको मिलकर लडाई लडनी होगी।

राष्ट्रीय टीम का जिला टीम के साथ तालमेल -

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय टीम का जिला टीम के साथ तालमेल बहुत अच्छा प्रयास है। राष्ट्रीय टीम का अनुभव जिले की टीम को मिलेगा। अक्सर होता है कि हम अपनी बात को प्रभावी ढंग से नहीं रख पाते। इसके लिए हमे तैयारी करनी होगी। जनता को हमे याद दिलाना पड़ता है कि हमने यह काम काम किया। 2019 में भी हमने जिलाध्यक्षों के साथ लखनऊ में बैठक की थी। उस वक्त एक जिले के अध्यक्ष को बुलाया। पूछा क्या हाल है तो उन्होंने कहा कि ठीक है। क्या हो रहा है तो कहा कि कुछ नहीं हो रहा है। हमने उनसे पूछा कि सपा सरकार में बिजली कितनी आती थी। वह कहे कि पांच घंटे। अब कितनी आती है तो उन्होंने कहा कि 16 से 18 घंटे। तब हमने कहा कि क्या यह बदलाव नहीं है। यह हमारी सरकार की उपलब्धि नहीं हों सकतीं।

महिलाओं के साथ अभद्रता नहीं -

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पश्चिम उत्तर प्रदेश में कोई बैल, भैंस की चोरी नहीं हो रही है। महिलाओं के साथ अभद्रता नहीं हो रही है। अपराधियों में डर है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। यह सब जनता स्वीकार कर रही है। हम अपनी बात कहने से कतरा रहे हैं। पिछले सात सालों में मोदी सरकार में समाज के हरेक तबके को लाभ मिल रही हैं। आज सबके अंदर सुरक्षा का भाव पैदा है। हमें लिखना होगा। जनता के बीच जिनका न तो जनाधार है। न ही कोई काम। लेकिन वह सोशल मीडिया पर खूब लिखते हैं। इतना बड़ा संगठन होने के बाद कई बार हम बैकफुट पर होते हैं।

योजनाओं की जानकारी -

हमारी सरकार की योजनाओं की जानकारी नीचे तक नहीं रहती। प्रधानमंत्री आवास योजना मोदी जी ने दिया है लेकिन गांव के व्यक्ति से पूछिए कि यह आवास किसने दिया तो उसका जवाब आता है कि प्रधान जी ने दी है। योगी ने कहा कि आपका प्रधान है तो ठीक है। विरोधी है तो इसका लाभ दूसरे दल को ही मिलेगा। इसलिए गांव गांव में लोगों को अपनी सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाए। इसके लिए मीडिया प्रभारियों ठीक से अध्ययन करना होगा।

हरेक तबका आज भाजपा से जुड़ा -

योगी ने कहा कि 2014, 2017 और 2019 में जनता ने भाजपा की प्रामाणिकता को बता दिया है। हरेक तबका आज भाजपा से जुड़ना चाहता है। इसलिए जनता के बीच सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है। सरकार और संगठन के साथ समन्वय बनाकर ही प्रदेश प्रवक्ता मीडिया में बात रखें। क्षेत्र स्तर पर भी इसी प्रकार का समन्वय बनाया जाए।19 सितम्बर को सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने जा रहे हैं। सरकार की उपलब्धियों वाली बुकलेट विधानसभा स्तर तक भेजी जा रही है। प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनता की मांग तबतक होती है जबतक योजना की स्वीकृति नहीं हो जाती। हमे स्वीकृति के बारे में बतानी है। इसके बाद कार्यक्रम आयोजित करके बताना है। कार्य का अपडेट भी बार बार बताना है। नहीं बताएंगे तो जनता भूल जाएगी।

Updated : 12 Oct 2021 10:32 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top