Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का फहरा परचम, 635 सीटों पर दर्ज की जीत

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का फहरा परचम, 635 सीटों पर दर्ज की जीत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया श्रेय

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का फहरा परचम, 635 सीटों पर दर्ज की जीत
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 'सबका साथ सबका विकास' नीति को जनता ने सराहा है और उसी का प्रतिफल त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में देखने को मिला है।

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के आये परिणामों से गदगद मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार शाम को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के अब तक आये परिणामों में भाजपा और उसके सहयोगी दल 825 सीटों में से 635 पर जीत दर्ज कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि देर रात तक जब सभी परिणाम आ जायेंगे, उस समय यह संख्या और अधिक हो जायेगी।

लोकप्रिय नीतियों के कारण -

योगी ने कहा कि भाजपा ने इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 75 सीटों में से 67 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के जो चुनाव सम्पन्न हुए हैं, उसमें जनता ने भाजपा के प्रति अपना रुझान दिया है। उन्होंने कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र व प्रदेश की सरकारों की लोकप्रिय नीतियों के कारण ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सरकार के कार्यों पर मुहर है।

संगठन और कार्यकर्ताओं को दिया श्रेय -

मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत के लिए पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं को भी श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से ही जनकल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने संगठन की रणनीति के तहत काम किया जिसके कारण भाजपा को पंचायत चुनाव में भारी सफलता मिली है। योगी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी ने करीब 85 प्रतिशत सीटों पर विजय हासिल की है।

कार्यकर्ताओं को दी बधाई -

योगी ने बताया कि प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख के लिये 825 सीटों पर चुनाव हुआ, जिसमें से भाजपा ने 735 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। सहयोगी पार्टी अपना दल को 14 सीट दी गई थी और 76 सीटों पर भाजपा के दो-दो उम्मीदवार चुनाव लड़े थे। इनमें से भाजपा ने अभी तक 635 सीटें जीती है।मुख्यमंत्री ने चुनाव में हुई जीत के लिए सभी विजयी उम्मीदवारों के साथ पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

Updated : 12 Oct 2021 10:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top