Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > देवरिया से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

देवरिया से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

देवरिया से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का गुरुवार देर रात लखनऊ में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री ने शोक जताया है। जन्मेजय सिंह विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने देवरिया से लखनऊ आए थे। वो सदन की पहले दिन की कार्यवाही में ऑनलाइन शामिल हुए थे। करीब चार महीने पहले भी जन्मेजय सिंह को माइनर अटैक पड़ा था।

रात में उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ी तो उनको लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया। यहां मेडिसिन के डॉक्टरों ने देखकर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया।

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था। इससे पहले सिविल अस्पताल में उनकी कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक के अकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि "जन्मेजय सिंह एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे। वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तैयार रहते थे। समाज के गरीब व कमजोरों के हितों के प्रति संवेदनशील थे। इनके निधन से पार्टी ने एक सच्चा कार्यकर्ता और जनता ने अपना एक हितैषी खो दिया है।" मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के लिए शान्ति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

Updated : 21 Aug 2020 6:34 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top