Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > लखनऊ में अमित शाह ने भरी हुंकार, कहा - निषाद पार्टी का साथ ले जाएगा 300 के पार

लखनऊ में अमित शाह ने भरी हुंकार, कहा - निषाद पार्टी का साथ ले जाएगा 300 के पार

भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी की संयुक्त रैली आयोजित

लखनऊ में अमित शाह ने भरी हुंकार, कहा - निषाद पार्टी का साथ ले जाएगा 300 के पार
X

लखनऊ। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को रमाबाई अम्बेडकर मैदान में भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी की संयुक्त रैली में विपक्ष पर करारा हमला बोला। भाषण की शुरुआत और अंत जय श्रीराम के नारे साथ की। पूरे भाषण के दौरान विपक्ष उनके निशाने पर रहा तो केन्द्र में भगवान राम, निषाद राज, 2019 का भाजपा-निषाद पार्टी का गठबंधन और मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां रहीं।

जय श्रीराम का नारा लगाने के बाद अमित शाह ने कहा कि निषाद समाज के आराध्य शृंगवेर पुर के राजा निषादराज को प्रणाम कर अपना संबोधित शुरू करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि रैली में आए निषाद समाज को पुरी दुनिया देख ले। इसी निषाद समाज और भाजपा गठबंधन ने मोदी की 2019 में पुन: सरकार बनाने का काम किया था। 2022 में भी यह गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है।

गृहमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता सीता को कुटिया में देखकर निषाद राज रो पड़े थे। आज वर्षों तक राम जी टेंट में रहे। देश में जब भाजपा की मोदी सरकार बनी तो भगवान राम का अयोध्या में गगनचुंबी भव्य राम मंदिर बन रहा है। भाजपा ने सबका साथ- सबका विकास किया। हर घर में शौचालय, पीने का पानी, गैस चूल्हा, पांच लाख का स्वास्थ्य कार्ड देने का कार्य मोदी ने किया। यह सारे काम यदि गरीबों के हुए तो निषाद समाज के हुए या नहीं।

जातियों का विकास -

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो भी आया, उसने अपनी जाति का विकास किया। जनता से पूछा कि क्या अन्य पिछड़ी जातियों का विकास किसी ने कुछ किया ? केवल भाजपा सरकार ने सभी पिछड़ी जाति के लिए विकास कार्य किया। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी कहती है कि यह पिछड़ों के लिए काम करते हैं। लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग काे संवैधानिक मान्यता नहीं दी। 2014 में मोदी सरकार बनी तब पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम किया गया है।

निषाद समाज के सारे बाकी काम पूरे -

अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के लोगों ने अपनी जाति और उसमें भी अपने परिवार की जेब भरने का काम किया है। भाजपा सरकार ने सबका साथ-सबका विकास के आधार पर काम किया। किसी के साथ अन्याय नहीं किया गया। भाजपा सरकार की योजनाएं सभी गरीबों के लिए रहीं। योगी ने सबसे बड़ा काम उत्तर प्रदेश से माफियाओं,गुण्डों को उखाड़ फेंका है। गरीबों का काम साफ सुथरी सरकार में ही हो सकता है। आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनेगी। तब निषाद समाज के सारे बाकी काम पूरे होंगे। अमित शाह ने मोदी-योगी सरकार द्वारा निषाद समाज के लिए किए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने पोखरों के आवंटन का काम किया है।

अबकी बार 300 के पार -

शाह ने कहा कि आपने देखा होगा कि काशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कॉरिडोर का लोकार्पण किया है। काशी को अपनी भव्यता वापस दिलाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने काम किया है। दूसरी तरफ अयोध्या में भगवान राम का भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। योगी सरकार ने कोरोना काल में बेहतरीन प्रबंधन कर प्रदेश की सेवा की। जिस प्रकार से 2019 में निषाद पार्टी और भाजपा के एनडीए गठबंधन ने केन्द्र में सरकार बनाई थी, उसी प्रकार 2022 में 300 के पार सीटें जीतेंगे। निषाद समाज से अपील करते हुए अमित शाह ने कहा कि समाज के सभी लोग भाजपा का कमल और निषाद पार्टी को जन-जन तक ले जाएं। भाषण के अंत में शाह ने वंदे मातरम और जय श्रीराम का नारा लगवाया।

Updated : 20 Dec 2021 8:04 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top