Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अयोध्या > 100 करोड़ की लागत से बन रहा है अयोध्या रेलवे स्टेशन, सुविधाएं जान कर रह जाएंगे दंग

100 करोड़ की लागत से बन रहा है अयोध्या रेलवे स्टेशन, सुविधाएं जान कर रह जाएंगे दंग

  • स्वदेश ने मार्च में ही प्रकाशित किया था समाचार
  • ओम प्रकाश सिंह

100 करोड़ की लागत से बन रहा है अयोध्या रेलवे स्टेशन, सुविधाएं जान कर रह जाएंगे दंग
X

अयोध्या। राम नगरी में बन रहे रेलवे स्टेशन को देखकर हर किसी की आंखें चुंधिया जाएंगीं। डेढ़ सौ करोड़ से ज्यादा की लागत से तैयार यह रेलवे स्टेशन पूर्णतया वातानुकूलित है। योजना है कि अयोध्या से देश के सभी प्रमुख शहरों को सीधी सेवा से जोड़ा जाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को विश्व की सबसे खूबसूरत नगरी बनाना चाहते हैं। स्थानीय सांसद लल्लू सिंह की मेहनत भी रंग ला रही है। होली के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आधुनिकतम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर अयोध्या वासियों को रंगों से सराबोर करेंगे।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास के लिए खजाने का मुंह खोल रखा है। रेलवे के साथ सड़क, वायु मार्ग जलमार्ग से अयोध्या को हिंदुस्तान के सभी प्रमुख शहरों को जोड़ने की योजना है और इस पर लगातार काम चल रहा है। अयोध्या में ही बन रहा श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी अति अत्याधुनिक होगा।भाजपा सरकार के साथ योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने से अयोध्यावासी मुदित हैं। अयोध्या को विश्व की सबसे खूबसूरत नगरी बनाना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है। प्रभु श्रीराम और अयोध्या से योगी आदित्यनाथ का प्रेम इसी से समझा जा सकता है कि उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में अयोध्या आने का तो रिकॉर्ड बनाया ही दूसरे कार्यकाल में भी अयोध्या का मोह और परवान चढ़ रहा है। भाजपा भी जानती है कि 2024 के बाद भी सत्ता में बने रहने के लिए अयोध्या उसके लिए कितना मायने रखती है। प्रदेश व केंद्र की सरकारों ने अयोध्या को विकसित करने के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल रखा है।

पर्यटकों के लिए विश्वस्तरीय बन रही अयोध्या -


देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए योगी सरकार आवागमन के साधनों सड़क, वायु, रेल मार्ग, जलमार्ग को विश्वस्तरीय बना रही है। हालांकि एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा अभी प्रारंभिक स्तर पर है, लेकिन अयोध्या में बन रहा खूबसूरत रेलवे स्टेशन निर्माण के अंतिम चरण में है। किसी भी दिशा से रामनगरी को आने के लिए फोर और सिक्स लेन की सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। निर्माणाधीन अयोध्या धाम का रेलवे स्टेशन देखकर अयोध्यावासी अचंभित हैं। गाड़ियों की पार्किंग के लिए बेहतरीन व्यवस्था, ऐलीवेटेड सीढ़ियां, बैठने एवं भोजन के बेहतरीन इंतजामात, स्टेशन का पौराणिक धार्मिक लुक हर किसी की जबान पर है।

दिव्यांगों एवं बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधा -

स्वदेश द्वारा मार्च में प्रकाशित समाचार

अयोध्या में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजन और बुजुर्गों का खास ख्याल रखा गया है। रेलवे लाइनों के दोहरीकरण के साथ विद्युतीकरण का कार्य जोरों पर है। पर्यटन की दृष्टि से आवागमन बाधित ना हो, इसके लिए रामनगरी के चौराहों को सीसीटीवी के साथ ट्रैफिक लाइट के सिग्नलों से लैस किया जा रहा है। धार्मिक, पौराणिक भव्यता का स्वरूप बरकरार रखते हुए मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योगी आदित्यनाथ की योजना अब वैश्विक कंपनियों को लुभाने लगी है। मल्टी नेशनल रेस्त्रां फूड कंपनी डोमिनोज ने रामनगरी में फ्रेन्चाइजी दे दिया है।

देश के चुनिंदा वातानुकूलित स्टेशनों में होगा शामिल -

अयोध्या धाम स्टेशन को वातानुकूलित बनाया गया है। यहां लगी टाइल्स, पत्थर, शीशे, दरवाजे, लाइटिंग आदि इसकी भव्यता का एहसास करा रहे हैं। भवन के बीच में लगा भारी भरकम पंखा व ठीक उसके नीचे बनी फर्श की डिजाइन का आकर्षण यात्रियों का मन मोहने को तैयार है। यही नहीं स्टेशन परिसर के बाहर का विशाल परिसर भी इसकी भव्यता का गवाह बन रहा है। इस विशाल परिसर में दो फुट ओवरब्रिज में से एक, कर्मचारियों का आवास, पार्किंग स्थल आदि का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। आम दिनों में प्रतिदिन औसतन तीन हजार के करीब यात्री आते-जाते हैं। राम मंदिर निर्माण होने के बाद इस संख्या में पांच से छह गुना श्रद्धालु यहां आ सकते हैं।

अयोध्या रेलवे स्टेशन का श्रीराम मंदिर मॉडल की तर्ज पर निर्मित किया जा रहा है। वातानुकूलित विशाल परिसर की दीवारों पर लिखी रामायण की चौपाइयां व प्रसंगों का चित्र आपको अयोध्या की संस्कृति का एहसास कराएगा। मुख्य द्वार के ऊपर धनुष चक्र और मुकुट का निर्माण होगा। स्टेशन का ऊपर हिस्सा ग्रीन लाइट से चमकेगा। इसके अलावा स्टेशन परिसर व प्लेटफार्म का विस्तार किया जा रहा है। जिससे करीब एक लाख तक की भीड़ यहां रुक सकेगी। साथ ही पूरा स्टेशन एलईडी लाइट से जगमगाएगा। यहां दो दर्जन पेयजल बूथ, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए 150 से अधिक स्टील की बेंच लगाई जा रही हैं। रेलवे स्टेशन के नये भवन का निर्माण कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका है। कुछ फिनशिंग का कार्य बाकी रह गया है। जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके शुभारंभ की तिथि रेल मंत्रालय द्वारा ही घोषित की जानी है। सूत्रों के अनुसार होली के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे।

होली से पहले जनता के लिए खुलेगा स्टेशन -

अयोध्या का रेलवे स्टेशन देश के सबसे सुंदर स्टेशनों में एक होगा। यहां आते ही यात्रियों को रामनगरी में होने का एहसास होगा। अयोध्या में मंदिर निर्माण के साथ केद्र व प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्य तेज कर दिया गया है। अयोध्या रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसकी खास बात यह है कि यह बाहर से मंदिर नुमा दिखेगा। इसके अंदर विश्रामालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, वॉश रूम, फूड प्लाजा समेत सभी सभी तरह की आधुनिक सुख सुविधाएं बनकर तैयार हो गई हैं।

- लल्लू सिंह, सांसद अयोध्या

Updated : 15 Jun 2022 8:21 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top