Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > यमुना का पानी ताजगंज श्मशान घाट पर भरा, बाढ़ की संभावना बढ़ी

यमुना का पानी ताजगंज श्मशान घाट पर भरा, बाढ़ की संभावना बढ़ी

यमुना का पानी ताजगंज श्मशान घाट पर भरा, बाढ़ की संभावना बढ़ी
X

आगरा। जिले में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को ताजमहल के पास स्थित श्मशान घाट के प्लेटफार्म पर पानी भर गया। इस कारण यहां क्रिया-कर्म रोकना पड़ा। कैलाश मंदिर घाट और बल्केश्वर घाट पर सीढ़ियां डूब चुकी है, पानी लगातार बढ़ रहा है।

शनिवार की सुबह यमुना का जलस्तर 494.20 फीट तक पहुंच गया। यह लो फ्लड लेवल के नजदीक है। लो फ्लड लेवल 495 फीट है। अनुमान है कि रात तक यमुना लो फ्लड लेवल तक पहुंच जाएगी। बाढ़ की संभावना को देखते हुए मोतीगंज बाजार में गोदाम खाली करा दिए गए हैं। यमुना का पानी अब निचले इलाकों में भरने लगा है। दयालबाग में खेतों में पानी भर गया। सिंचाई विभाग का पूर्वानुमान है कि जलस्तर 500 फीट तक पहुंचेगा, जिससे बाढ़ आना तय माना जा रहा है। यमुना का लो फ्लड लेवल 495 फीट और मीडियम फ्लड लेवल 499 फीट है। हाई फ्लड लेवल 508 फीट है। श्मशान घाट में बने नए प्लेटफॉर्म पर अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। अगर जलस्तर और बढ़ता है तो इलेक्ट्रिक शवदाह गृह पर ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था होगी। जलस्तर बढ़ने से यमुना में गिरने वाले नालों का पानी बैक मार रहा है। नाले लबालब हो गए हैं। ऐसे में हालात बिगड़ने पर नालों का पानी मोहल्लों में भर सकता है। ताजगंज श्मशान घाट के पास नाले का पानी भर गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने 47 गांवों में मुनादी शुरू करा दी है। यमुना किनारे वाले गांवों में ग्रामीणों से अपील की गई है कि वो अपने पशुओं के लिए चारे का इंतजाम कर लें। बच्चे, बुजुर्ग और पशुओं को यमुना किनारे न जाने दें। इसके अलावा जरूरी सामान की व्यवस्था भी कर लें। शहर में जगह-जगह वर्ष 1978 में आई बाढ़ की चर्चा हो रही है।

Updated : 15 July 2023 9:02 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top