Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > पद से हटाए स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी

पद से हटाए स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी

आगरा। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी को पद से हटा दिया गया है। इन पर छावनी विधायक डॉ जीएस धर्मेश ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर लोकायुक्त जांच की मांग की थी। अब इन्हें पद से हटा दिया गया है।

अधिशासी अभियंता आर.के सिंह स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। छावनी से भाजपा विधायक डॉ जीएस धर्मेश ने इन पर काम के दौरान भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की थी। उस समय आरके सिंह से जवाब-तलब किया गया था। हालांकि हाल ही में जांच के बाद अपर नगर आयुक्त ने आर.के सिंह पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्लीन चिट दी थी। इसे विधायक ने पूरी तरह नकार दिया था। कहा था कि वह जल्द ही इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से दोबारा मुलाकात करेंगे। अब इन्हें पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह चीफ इंजीनियर बी.एल गुप्ता को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का नोडल अधिकारी बनाया गया है। भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने निर्माण कार्य व विभिन्न टेंडर प्रक्रिया पर भ्रष्टाचार होने की बात कही थी। उन्होंने स्मार्ट सिटी के कार्यों में कमीशनखोरी, रिश्वत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विजिलेंस जांच की मांग की थी।

स्मार्ट सिटी एक प्राइवेट कंपनी है। जिसे शहर में जन सुविधाएं विकसित करने के लिए बीते सात साल में 850 करोड़ रुपये मिले। जन प्रहरी संयोजक नरोत्तम शर्मा का आरोप है कि प्रोजेक्ट के नाम पर ठेकेदार और अधिकारियों ने सरकारी धन का बंदरबांट किया है। कार्यों की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

Updated : 25 May 2023 8:39 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top