Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > पुलिस की लापरवाही से 5 महीने बाद हो पाया गायब नर्स की हत्या का खुलासा

पुलिस की लापरवाही से 5 महीने बाद हो पाया गायब नर्स की हत्या का खुलासा

-प्रेमी ही निकला हत्यारा, 5 महीने तक नही सुनी पुलिस ने परिजनों की बात

आगरा। कमला नगर थाना क्षेत्र से लापता नर्स पिंकी उर्फ प्रेमलता की उसके प्रेमी ने हत्या करके शव को यमुना के खादर में दफना दिया। नर्स के परिजन पांच माह तक आरोपी शेर सिंह उर्फ रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। जिस पर उन्होंने न्यायालय से गुहार लगाई। जहां से सीजेएम कोर्ट के आदेश पर सात जुलाई को पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद पुलिस ने सोनीपत से प्रेमी को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर कंकाल बरामद किया है।

चार फरवरी 2023 को हुई थी लापता

लोहिया नगर बल्केश्वर निवासी पिंकी उर्फ प्रेमलता यमुनापार के प्रिया हास्पिटल में नर्स थी। मृतका के भाई अतुल कुमार ने बताया कि घर में बहन की ननद के बेटे की शादी थी। चार फरवरी 2023 को पिंकी बाजार से खरीदारी करने को घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं आई। परिजनों की ओर से थाना कमला नगर में पांच फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने लापरवाही बरतते हुए न तो मुकदमा दर्ज किया और न पिंकी की तलाश के प्रयास किए। परिजनों की अपनी छानबीन में पता चला कि नर्सिंग होम में काम करने वाले सफाई कर्मी शेर सिंह के साथ पिंकी की मित्रता थी। आखिरी बार उसको उसी के साथ जाते हुए देखा गया था। उन्होंने शेर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को नामजद तहरीर दी।

5 माह तक पुलिस ने दर्ज नहीं किया मुकदमा

पुलिस ने पांच माह तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। घटना के बाद शेर सिंह आगरा छोड़कर सोनीपत जाकर रहने लगा। पुलिस के रवैये से परेशान परिवार वालों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सीजेएम कोर्ट से आदेश पर पुलिस ने शेर सिंह के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। सात जुलाई को परिजन ने पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह से मुलाकात कर महिला की तलाश करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने परिजन के साथ मिलकर शेर सिंह को सोनीपत से पकड़ा। पूछताछ में उसने पिंकी की हत्या कर शव को यमुना के खादर में दफनाना स्वीकारा। पुलिस ने शेर सिंह की निशानदेही पर कंकाल को बरामद किया।

बढ़ती डिमांड़ो से तंग आकर की हत्या

पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी ने रोहित उर्फ शेर सिंह ने बताया कि वह आगरा के रामबाग स्थित प्रिया हॉस्पिटल में सफाई का काम करता था। यहीं पर उसकी पिंकी से मुलाकात हुई थी। वह हॉस्पिटल में नर्स की सहायिका थी। पिछले 2 साल से उससे प्रेम संबध थे। आगरा में कालिन्दी विहार में खाली पड़े काशीराम आवास योजना के क्वार्टरों में उससे अकेले में मुलाकात होती थी। हत्यारोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों को उसके प्रेम संबंध के बारे में पता चल गया था। जिसके कारण पत्नी छोड़कर चली गई। उसने किसी दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली। इसके बाद वह परेशान था। पिंकी उसकी आधी सैलरी ले लेती थी। उसने पिंकी के नाम डाक खाने में खाता खुलवाकर 50 हजार रुपए जमा कराए थे। बार-बार पैसे मांगने की आदत से वह तंग आ गया था। 2 फरवरी 2023 को पिंकी का उसके पास फोन आया था। उसने 10 हजार रुपए मांगे थे। 4 फरवरी 2023 को दस हजार रुपए लेने के लिए उसे अपने पास बुलाया था। तभी इस घटना को अंजाम दिया। पिंकी से छुटकारा पाने के लिये शेर सिंह पहले कलोनोफिट की नींद की गोलियां खरीदीं। पिंकी के आने से पहले फ्रूटी के दो पाऊच लेकर एक पाउच में गोलियां पीसकर मिक्स कर दीं। मुलाकात के बाद वहीं कालिन्दी विहार में खाली पड़े कांशीराम आवास योजना के फ्लैट में मुलाकात के दौरान नींद की गोली वाला पाऊच पिंकी को देकर बेहोश कर दिया। 4 फरवरी को ही करीब दोपहर 1ः45 बजे पिंकी का गला दबाकर मार दिया। पिंकी के मोबाइल को तोड़कर रामबाग के आगे यमुना नदी में फेंक दिया। रामबाग चैराहा से हत्यारोपी फिर घटना स्थल पर लौटकर आया। उसने शव को ठिकाने लगाने के लिये एक साइकिल और फावडा खरीदा। पिंकी के शव को छिपाने के उसने फाऊंड्री नगर चैकी के फैक्ट्री में नाले के पास झाडियों में गडडा खोदा था। उसी दिन अंधेरा होने पर शव को कम्बल और बैड शीट में लपेट कर दफन कर दिया। फावड़े को वहीं झाड़ियों में फेंक दिया। साइकिल अपने भाई को दे आया।

मृतका के कंकाल का होगा डीएनए परीक्षण

पुलिस ने मृतका के शव का ढांचा बरामद कर लिया है। उसका डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। ताकि इसकी पुष्टि हो जाए कि शव मृतका पिंकी का ही है। पुलिस ने इस संबंध में विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। उधर थाना कमलानगर पुलिस ने हत्यारोपी शेर सिंह पर दर्ज मुकदमे में अपहरण के हत्या की धारा को भी तरमीम किया है।

Updated : 15 July 2023 4:08 PM GMT
author-thhumb

स्वदेश आगरा

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top