Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > आगरा > विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ इकाइयों को मजबूत बनाएं कार्यकर्ता

विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ इकाइयों को मजबूत बनाएं कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ नौ जिलों की कोर टीम की बैठक

विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ इकाइयों को मजबूत बनाएं कार्यकर्ता
X

आगरा। ब्रजक्षेत्र के नौ जिलों की कोर टीम के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शनिवार को जिला समन्वय बैठक में सहभागिता की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने व कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी। साथ ही बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कोरोना काल में भाजपा द्वारा किए गए सेवा कार्यो व जनता से प्राप्त प्रतिक्रया पर भी विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ इकाइयों को मजबूत बनाने के काम में जुट जाएं कार्यकर्ता।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शुक्रवार को देररात आगरा आ गए थे। शनिवार को सर्किट हाउस में कोर टीम की बैठक में ब्रजक्षेत्र के नौ जिलों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री, प्रदेश व क्षेत्र के सीमित संख्या में पदाधिकारी, सांसद, विधायकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बैठक की। शनिवार को एटा, कासगंज, फिरोजाबाद व मैनपुरी जिलों के कोर टीम के सदस्य शामिल हुए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से सेक्टर संरचना पार्टी की सफलता को निर्धारित करने का एक बड़ा फैक्टर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आव्वान करते हुए कहा कि हर सेक्टर को संगठन की दृष्टि से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार के साहसिक निर्णय तथा जन कल्याणकारी कार्यों तथा प्रदेश सरकार के कार्यों की पूंजी लेकर उसे बूथ तक पहुंचाने का काम भी करना हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता का भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ा है। हमें भी अपनी सामाजिक सहभागिता को बढाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का काम करना चाहिए।

कार्यकर्ता सरकार को बताएं कहां विकास करवाना है

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता व पदाधिकारी सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि हमारा आधार बूथ है, बूथ स्तर पर संगठन को प्रभावी बनाना है। कोरोना काल में बूथ स्तर पर गतिविधियों की रफ्तार कम हो गयी थीं। उसे गति देनी है और संगठन को सेक्टर केंद्रित करना हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कोई विकास से सम्बंधित बड़ा काम जरूरी है तो सरकार तक पहुंचाएं।

टूंडला विधानसभा उपचुनाव की रणनीति पर भी मंथन

वैसे तो बैठक जिला समन्वय की थी लेकिन बैठक स्थल के बाहर टूंडला उपचुनाव में टिकट के कई दावेदार अपना चेहरा चमकाते नजर आए। हालांकि कुछ की प्रदेशाध्यक्ष से भेंट भी हुई। बैठक में टूंडला विधानसभा उपचुनाव, शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी रणनीति पर विमर्श किया गया। ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि ये समन्वय की बैठक हैं, जो एक या दो महीने में एक बार होती है। संक्रमण काल के कारण इसमें देरी हुई है।


Updated : 12 Sep 2020 2:40 PM GMT
author-thhumb

स्वदेश आगरा

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top