अगर आप भी नवरात्रि में कुछ नया ट्राई करने का मन बना रहे हैं और समझ नहीं आ रहा कि क्या बनाया जाए? तो अब परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। क्योंकि इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि आप घर पर मिनटों में कुट्टू के आटे से टेस्टी और हेल्दी चीला कैसे बना सकते हैं। क्योंकि यह खाने में काफी टेस्टी होता है और इसे खाने के बाद जल्दी भूख भी नहीं लगती है।

नवरात्रि में लोग खाने को लेकर परेशान रहते हैं कि क्या बनाया जाए, जो स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। आपके लिए कुट्टू के आटे का चीला एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है, जिसे आप घर पर मिनटों में बना सकते हैं। चलिए इसकी पूरी रेसिपी और सामग्री जान लेते हैं, जो नीचे दी गई है।

आवश्यक सामग्री:
- 1 कप कुट्टू का आटा
- 1 उबला हुआ आलू (मैश किया हुआ)
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 2 चम्मच हरा धनिया (कटा हुआ)
- सेंधा नमक (स्वादानुसार)
- पानी (घोल बनाने के लिए)
- घी या तेल (सेंकने के लिए)
चीला बनाने की पूरी रेसिपी:
चीला बनाने के लिए आप सबसे पहले एक बाउल में कुट्टू का आटा लें और फिर उसमें मैश किया हुआ आलू डालें। अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सेंधा नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक स्मूद घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा।

अब तवा गरम करें और उस पर हल्का सा घी लगाएं। तैयार घोल को तवे पर डालकर गोल आकार में फैला दें। मीडियम आंच पर इसे दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें। इस तरह से आप घर पर मिनटों में टेस्टी और हेल्दी चीला बना सकते हैं और दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ गरमा-गरम खा सकते हैं।