क्या आप भी व्रत में कुछ चटपटा, टेस्टी और मसालेदार खाना चाहते हैं, तो दही भल्ले आपके लिए एक बेस्ट ऑप्शन हो सकते हैं। जान लीजिए फलहारी दही भल्ले मिनटों में घर पर कैसे बनाएं?
नवरात्र के दौरान फलाहार में रोज़ वही सीमित चीजें खाने से लोग ऊब जाते हैं। ऐसे में अगर आप कुछ टेस्टी, हल्का और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो व्रत के स्पेशल दही भल्ले बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं। खास बात ये है कि ये भल्ले पारंपरिक दाल से नहीं, बल्कि सामक के चावल के बैटर से तैयार किए जाते हैं, जिससे ये व्रत में पूरी तरह उपयुक्त रहते हैं।

लेकिन अगर आपको घर पर सामक के चावल से दही भल्ले बनाना नहीं आता, तो परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि घर पर आसानी से आप कैसे सामक चावल के बैटर से दही भल्ले बना सकते हैं।
पूरी रेसिपी
सामक चावल से दही भल्ले बनाने के लिए सबसे पहले सामक के चावल को साफ पानी से धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद इन्हें छानकर मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर स्मूद बैटर तैयार कर लें। अब इस बैटर को एक बाउल में निकाल लें।

अब कढ़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा व कुटी काली मिर्च डालकर खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालें। अब इस तड़के को तैयार बैटर में मिलाएं और सेंधा नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें।
भल्ले तैयार करने का तरीका
अब तैयार बैटर को अच्छी तरह फेंट लें, ताकि ये हल्का और फ्लफी हो जाए। एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे भाग तेल में डालें। इन्हें मीडियम आंच पर हल्का गोल्डन और क्रिस्प होने तक तल लें।

खट्टी-मीठी चटनी ऐसे बनाएं
चटनी के लिए पानी में अनारदाना, अमचूर, जीरा पाउडर, काली मिर्च, अदरक, सेंधा नमक और गुड़ डालकर पकाएं। जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसे छानकर ठंडा कर लें।

सॉफ्टनेस का खास ट्रिक
तले हुए भल्लों को मुलायम बनाने के लिए एक बाउल में पानी, दही और सेंधा नमक मिलाकर पतली छाछ तैयार करें। इसमें भल्लों को कुछ मिनट के लिए डुबोकर रखें। इससे भल्ले अंदर से बेहद नरम हो जाएंगे। बस तैयार हैं आपके टेस्टी दही भल्ले। इन्हें आप दही में चीनी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। अब प्लेट में भल्ले रखें, ऊपर से मीठा दही डालें और फिर खट्टी-मीठी चटनी डालें। लास्ट में अनार के दाने से सजाकर सर्व करें।

नवरात्र में ये स्पेशल दही भल्ले आपके स्वाद को एक नया ट्विस्ट देंगे और व्रत को और भी मजेदार बना देंगे।