होली से पहले कर लें ये स्किनकेयर, इससे स्किन रहेगी सुरक्षित और मिलेगा होली खेलने के बाद भी नेचुरल ग्लो।
होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन बाजार में मिलने वाले केमिकल वाले रंग स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई बार इन रंगों की वजह से स्किन पर रैशेज, जलन या रूखापन हो जाता है, जिससे लोग होली खेलने से कतराने लगते हैं।
लेकिन अगर आप चाहते हैं कि इस बार रंगों के बाद भी आपकी त्वचा का ग्लो बरकरार रहे, तो होली से कुछ दिन पहले ही आसान घरेलू स्किनकेयर रूटीन अपनाना शुरू कर दें। अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं, घर में मौजूद चीजें ही काफी हैं।
1. नारियल तेल से करें मसाज
होली से कुछ दिन पहले से ही आप रात को सोने से पहले चेहरे पर हल्का सा नारियल तेल लगा सकते हैं। यह स्किन पर एक सुरक्षा परत बनाता है, जिससे रंग सीधे त्वचा में नहीं चढ़ते। साथ ही यह स्किन को गहराई से मॉइश्चराइज भी करता है।

2. बेसन और दही का फेस पैक
घर पर ही आप बेसन और दही का फेस पैक बना सकते हैं। बेसन और दही का मिश्रण त्वचा की रंगत निखारने और डेड स्किन हटाने में मदद करता है। एक कटोरी में बेसन और दही मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें और हफ्ते में 3 से 4 बार चेहरे पर लगाएं। इससे त्वचा मुलायम और हाइड्रेटेड रहती है, जिससे रंग ज्यादा गहराई तक नहीं बैठता।

3. एलोवेरा जेल का इस्तेमाल
एलोवेरा त्वचा को ठंडक पहुंचाता है और उसे मजबूत बनाता है। रोजाना चेहरे पर एलोवेरा जेल लगाने से होली के रंगों से होने वाली जलन और रैशेज का खतरा कम हो सकता है। इसलिए दिन में कम से कम एक बार एलोवेरा जेल जरूर लगाएं।

4. सरसों या बादाम तेल की मालिश
केमिकल वाले रंगों से सुरक्षा के लिए आपको सिर्फ चेहरे ही नहीं, बल्कि हाथ, पैर और पूरी बॉडी का ध्यान रखना है। इसके लिए आपको पूरी बॉडी पर सरसों या बादाम का तेल लगाना है। यह त्वचा पर नेचुरल शील्ड की तरह काम करता है और रंगों को हटाना आसान बनाता है।

5. भरपूर पानी पिएं
स्किनकेयर केवल बाहरी देखभाल तक सीमित नहीं है। बॉडी को अंदर से हाइड्रेट रखना भी जरूरी है। रोजाना 8 से 10 गिलास पानी पीने से त्वचा स्वस्थ रहती है और उसका नैचुरल ग्लो बना रहता है।

इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर आप बिना किसी डर के होली के रंगों का आनंद ले सकते हैं और त्योहार के बाद भी अपनी त्वचा की चमक बरकरार रख सकते हैं।