Home > राज्य > मध्यप्रदेश > उज्जैन > मुख्यमंत्री शिवराज ने कमलनाथ पर साधा निशाना, कहा - दोबारा झूठे वादे करना शुरू कर दिए

मुख्यमंत्री शिवराज ने कमलनाथ पर साधा निशाना, कहा - दोबारा झूठे वादे करना शुरू कर दिए

मुख्यमंत्री चौहान महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे

मुख्यमंत्री शिवराज ने कमलनाथ पर साधा निशाना, कहा - दोबारा झूठे वादे करना शुरू कर दिए
X

उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सोशल मीडिया कान्क्लेव में भाग लेने उज्जैन पहुंचे। कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री चौहान महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कमलनाथ और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस ने फिर से झूठे वादे करना प्रारंभ कर दिया। उन्होंने वचन पत्र में जो वचन दिए थे एक भी पूरे नहीं किए। इन्होंने गेंहू, चना, सरसों, चावल सहित कई फसलों का नाम लेकर कहा था कि बोनस देंगे। क्या सवा साल में कमल नाथ जी ने एक भी बोनस दिया? आखिर झूठ की भी हद होती है। मेरा उनसे सवाल पूछने का सिलसिला अब प्रारंभ होगा।


इस अवसर पर नर्मदा जयंती को लेकर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज नर्मदा जयंती है। मैं नर्मदा मैया को प्रणाम करते हुए सभी प्रदेशवासियों को बधाई देता हूँ। नर्मदा मैया से यही प्रार्थना है कि वो मध्यप्रदेश पर कृपा तथा आशीर्वाद की वर्षा करें। उनकी कृपा से हमें सिंचाई और पीने का पानी मिलता है, बिजली मिलती है। उन्होंने कहा कि आज से दो साल पहले मैंने नर्मदा जयंती पर रोज पेड़ लगाने का संकल्प लिया था। आज उस संकल्प का तीसरा वर्ष प्रारंभ हो गया है। मुझे प्रसन्नता है कि मैंने लोगों से जन्मदिन पर पेड़ लगाने का आव्हान किया, लगभग 67 लाख लोग इसमें पेड़ लगा चुके हैं। यह एक अभियान बन गया है।

सोशल मीडिया कान्क्लेव का शुभारंभ -

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार दोपहर उज्जैन के विक्रम कीर्ति मन्दिर में आयोजित दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। भारत नीति द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश के कई हिस्सों से सोशल मीडिया विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पहले अखबार और टीवी प्रमुखता से मीडिया में छाये हुए थे, इनकी बड़ी भूमिका थी। इसके बाद आये सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने अब कई भ्रान्तियां तोड़ दी है। टीवी दिखाये या न दिखाये, अखबार छापे या न छापे, आम जनता का प्लेटफार्म बने सोशल मीडिया ने सूचना जगत में नई क्रान्ति ला दी है। अब कोई भी बात किसी से छुपी नहीं रह सकती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने हमारी परम्परा, हमारे धर्म को विश्व पटल पर स्थापित कर दिया है। जो लोग कभी राम का विरोध करते थे, वे अब राम नाम जप रहे हैं, जय महाकाल का उद्घोष कर रहे हैं। इस बदलाव को लाने में सोशल मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज के युग में यदि अपने विचारों का प्रचार-प्रसार करना है तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने देश की मानसिकता बदल दी है।

Updated : 28 Jan 2023 12:55 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top