आज का मौसम: 16 साल में पहली बार समय से पहले हुई मानसून की एंट्री, केरल के बाद दिल्ली-हरियाणा में भारी बारिश

16 साल में पहली बार समय से पहले हुई मानसून की एंट्री, केरल के बाद दिल्ली-हरियाणा में भारी बारिश
X
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक केरल, दिल्ली, यूपी - बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी चलने की संभावना जताई है।

देश में मानसून की एंट्री हो चुकी है। केरल के बाद देश के अलग - अलग हिस्सों में बारिश हुई। वहीं, राजधानी दिल्ली में भी 23 जून से 27 जून के बीच मानसून पहुंचेगा। बीते दिन दिल्ली और हरियाणा में भारी बारिश देखी गई। अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक केरल, दिल्ली, यूपी - बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी चलने की संभावना जताई है। वहीं, पंजाब में नौतपा में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

समय से पहले आया मानसून

इस बार मानसून समय से पहले आ गया है। देश में 1 जून को मानसून की एंट्री होती है लेकिन इस बार मानसून 24 मई को ही केरल पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 16 सालों में पहली बार इतनी जल्दी मानसून ने दस्तक दी है। 2024 में यह 30 मई को आया था।

दिल्ली में चारों तरफ पानी ही पानी

राजधानी दिल्ली में शनिवार- रविवार को भारी बारिश हुई। जिसके कारण NCR के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। इसी कारण से लंबा जाम भी लग जा रहा है। मिंटो रोड, हुमायूं रोड और शास्त्री भवन जैसे क्षेत्रों में पानी भर गया था जिसका वीडियो भी जारी हुआ। हालांकि मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया था और अपने पूर्वानुमान में 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान जताया था।

यूपी - बिहार में कैसा है मौसम?

उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में तो बिहार के 38 जिलों में आज यानी रविवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में सुबह धूप खिलेगी फिर शाम होते - होते बादल छाने के अनुमान है। IMD ने लोगों से शाम के समय घर में ही रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड समेत इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

उत्तराखंड में IMD ने भारी बारिश के साथ आंधी - तूफान की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में 25 और 26 मई को मेघगर्जन के साथ बारिश संभावना है। हालांकि पंजाब और झारखंड जैसे कुछ राज्यों में हीट वेव का अलर्ट है।

Tags

Next Story