हरदोई: शादी की खुशियां मातम में बदली, बारातियों से भरी कार खाई में गिरी, 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां शादी से लौट रही एक आर्टिका कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिसमें अब तक करीब पांच लोगों की जान चली गई। जबकि कई अन्य लोग घायल हैं, जिनका इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख - पुकार मच गई। घायलों में से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे को मुख्यमंत्री योगी ने भी संज्ञान में लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम भुप्पा पुरवा मोड़ के पास की पूरी घटना बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पाली जिले के पटियानीम के नीरज नामक युवक की बारात कुसुमा गांव गई थी जिसमें ये कार भी गई थी। लेकिन जब शुक्रवार - शनिवार की दरमियानी रात आर्टिका कार वापस आ रही थी तभी वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों में शोक की लहर
इस पूरी घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ही टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कार के अंदर फंसे लोगों को शीशा तोड़कर निकाला। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जितेंद्र (22), आकाश (18), सिद्धार्थ (6), रामू (35) और जौहरी (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
सीओ शाहाबाद अंकुर कुमार ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, "बारात से लौटते समय थाना मझिला के पास एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों द्वारा 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। 6 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है।"
