बारिश बनी आफत: मंडला में अब तक 7 लोगों की मौत, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा, घरों में घुसा पानी

मध्य प्रदेश में अब बारिश आफत बनकर उभरी है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में जमकर बारिश हुई। चित्रकूट में दो दिनों से लगातार बर्षा हो रही है जिस कारण से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है जिससे आवासीय क्षेत्रों में पानी घुसा। रामघाट, भरतघाट समेत सभी घाट जलमग्न है। सिवनी, छतरपुर, उमरिया, सतना और कटनी समेत कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मध्य प्रदेश में अब तक इतनी हुई बारिश
मध्य प्रदेश में पिछले एक सप्ताह में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मानसून आने के बाद अब तक करीब 16 इंच बारिश हुई है। मानसून का असर पूर्वी हिस्से में ज्यादा है। बालाघाट, मंडला, सिवनी, मैहर, डिंडौरी समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई है। सिवनी में पिछले 9 घंटे में साढ़े 6 इंच बारिश हुई।
चित्रकूट में बाढ़ जैसी स्थिति
चित्रकूट में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। दर्शन के लिए आए श्रध्दालु बाढ़ में फँस गए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला और अपने ही घर की छत में शरण दे रहे हैं। मंडला जिले में सबसे ज्यादा नुक़सान हुआ है। यहां बाढ़ के कारण 7 लोगों की मौत हुई है। 2 लोग अभी भी लापता है।
चित्रकूट में SDRF की टीम मौजूद
तहसीलदार कमलेश सिंह ने कहा, "रात में काफी बारिश हुई है जिससे बाढ़ की स्थिति बन गई है...पानी सड़कों पर आ गया है लोगों को ऊंचे स्थान पर जाने के लिए अलर्ट किया जा रहा है। प्रशासन पूरी तरह नजर रखी हुई है। प्रशासन भोजन-पानी की व्यवस्था कर रही है। यहां पर SDRF की टीम मौजूद हैं।"
तेजी से बढ़ रहा है मंदाकिनी का जलस्तर
थाना प्रभारी डी.आर. शर्मा ने कहा, "मंदाकिनी नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। प्रमुख-प्रमुख घाट है वहां पर बचाव टीम को तैनात किया गया है और अधिकारियों को भी सूचित किया गया है वहां से भी बाढ़ नियंत्रण के लिए उन्हें भेजा जा रहा है। सभी दुकानदारों को सूचना दी गई है कि वो घरों के अंदर रहें। जो व्यवस्था बन रही वो हम कर रहे हैं।"
