बीमार लोगों को इलाज की सुविधा देना सरकार की पहली प्राथमिकताः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने गाजियाबाद में किया 1200 बिस्तर के अस्पताल यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देश स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा है और इसमें सरकार का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीमारी से लोगों का बचाव करना और उन्हें बेहतर इलाज की सुविधा देना सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार इसके लिए स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार विकसित कर रही है।राष्ट्रपति मुर्मु ने रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्थित अत्याधुनिक 1200-बेड वाले अस्पताल यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान यशोदा अस्पताल ने बड़ी संख्या में लोगों की सेवा की और कई जानें बचाई।राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि उन्होंने जीवन में पहली बार ऐसा अत्याधुनिक स्वास्थ्य संस्थान देखा, जहाँ एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य लाभ हर नागरिक का अधिकार है और सरकार देश के सभी क्षेत्रों में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर रही है।
आज हर व्यक्ति को उपचार मिल रहा- राजनाथ सिंह
समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था ने नया रूप लिया है। पहले स्वास्थ्य गरीबों के लिए चिंता का विषय था, आज हर व्यक्ति को उपचार मिल रहा है।उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के 10 करोड़ परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये स्वास्थ्य बीमा का कवच दिया गया है, और 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिक इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के जरिए लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।राजनाथ सिंह ने कहा, "भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने के लिए हर नागरिक का स्वस्थ रहना अत्यंत जरूरी है।"
राष्ट्रपति ने अस्पताल का अवलोकन किया
मंच पर आने से पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर आधुनिक उपकरण और बेहतर इलाज की सुविधाओं का अवलोकन किया। यशोदा अस्पताल के प्रबंधन की ओर से डॉक्टर पी. एन. अरोड़ा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बाद में अस्पताल के चेयरमैन ने अस्पताल के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
यशोदा मेडिसिटी एक विश्व स्तर की हेल्थ सिटी- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यशोदा मेडिसिटी एक विश्व स्तर की हेल्थ सिटी है, जो बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराएगी।उन्होंने बताया कि यशोदा मेडिसिटी में विश्व स्तर के कैंसर रोग उपचार की सुविधा है। पिछले 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश में 42 मेडिकल कॉलेज और 2 एम्स बनाए गए हैं। इसके अलावा कई सुपर स्पेशियलिटी संस्थान स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
