Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > रीता जोशी का घर जलाने वाले जितेंद्र सिंह भाजपा में शामिल, बहुगुणा ने जताई हैरानी

रीता जोशी का घर जलाने वाले जितेंद्र सिंह भाजपा में शामिल, बहुगुणा ने जताई हैरानी

पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह पर रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने जैसे कांड का आरोप है। गौरतलब है कि रीता बहुगुणा जोशी भी इस समय भाजपा से ही सांसद हैं।

रीता जोशी का घर जलाने वाले जितेंद्र सिंह भाजपा में शामिल, बहुगुणा ने जताई हैरानी
X

लखनऊ। प्रयागराज से भाजपा की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह (अयोध्या) भी बुधवार को भाजपा के हो गए। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर उनके साथ ही कांग्रेस और बसपा के कुछ और नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के हाथों भाजपा की पट्टिका पहन कर भाजपाई हो गए। वहीं, रीता बहुगुणा जोशी ने जितेंद्र सिंह के भाजपा में शामिल होने पर हैरानी जताई है।

भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पंकज मोहन सोनकर (आजमगढ़), बसपा के पूर्व कोआर्डिनेटर मनोज शर्मा (गाजियाबाद) तथा बसपा से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रवेश सिंह (रायबरेली), सेवानिवृत्त एयर कोमोडोर श्याम शंकर तिवारी तथा समाज सेविका डॉ. बीना लवानिया ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंच का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने किया। पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह पर रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने जैसे कांड का आरोप है। गौरतलब है कि रीता बहुगुणा जोशी भी इस समय भाजपा से ही सांसद हैं।

इस मौके पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा की गौरवशाली परम्परा में जनकल्याणकारी योजनाओं व निर्णयों से गरीब, वंचित, शोषित व उपेक्षित वर्ग को सम्मान, न्याय, उनके जीवन की खुशहाली के लिए सत्ता माध्यम मात्र है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देश की एकता-अखंडता तथा राजनैतिक मूल्यों के लिए जीवन का बलिदान दिया। दीनदयाल जी के अन्त्योदय के मूल में अंतिम पायदान के व्यक्ति के जीवन में समृद्धि के साथ ही शक्तिशाली व समृद्ध राष्ट्र की अवधारणा है, उसी मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की सरकारें आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वंशवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, परिवारवाद वाली पार्टी नहीं है।

पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनकल्याण के लिए सेवा भाव से काम करता है। बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता भी एक दिन प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित किसी भी दायित्व पर पहुंच सकता है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, अभय प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, सांसद विजय दुबे, विधान परिषद सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह तथा विधायक सुशील सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

बबलू की भाजपा में जॉइनिंग से रीता जोशी स्तब्ध

प्रयागराज। बसपा से बीकापुर के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह बबलू के पाला बदलकर भाजपाई बनने के समाचार ने प्रयागराज की सांसद डॉ. रीता जोशी को भी स्तब्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जैसे ही यह समाचार मिला, तभी से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने स्वदेश से बातचीत में बताया कि जितेंद्र कुमार सिंह बबलू के ख़िलाफ़ वह चुप नहीं रहेंगी, पार्टी के विभिन्न फोरम पर अपनी बात रखेंगी। डॉ. रीता जोशी ने बिना लागलपेट के कहा कि जितेंद्र सिंह बबलू ने मेरा घर जलाया था। बबलू आरोपी हैं, पार्टी को बबलू ने गफलत में रखा है। वह प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर बबलू की सदस्यता रद्द करवाने का आग्रह करेंगी।

Updated : 4 Aug 2021 4:03 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Lucknow

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top