UP News: अमरोहा पटाखा फैक्ट्री में धमाका, कई महिला मजदूरों की मौत

Amroha Firecracker Factory Blast : उत्तरप्रदेश। अमरोहा में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाका हुआ जिसके चलते अब तक 4 महिला मजदूरों की मौत हो गई है। धमाके के चलते कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। यह फैक्ट्री अवैध तरीके से चल रही थी।
पटाखा फैक्ट्री अवैध रूप से जंगल में चल रही थी। फैक्ट्री में विस्फोट के बाद कुछ मजदूर मलबे में दबे हो सकते हैं। दर्जनभर से ज्यादा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे हैं। ब्लास्ट के चलते फैक्ट्री की बिल्डिंग और टीन शेड पूरी तरह ढह गया। DM निधि गुप्ता और SP अमित आनंद भी मौके पर मौजूद हैं। यहां रेस्क्यू अभियान जारी है। यह घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के अतरासी गांव की है।
अमरोहा के एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया, "रजतपुर थाना क्षेत्र के अतरासी गांव में एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिली। तत्काल पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। फैक्ट्री हापुड़ के सैफ-उर-रहमान के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। छह महिलाएं घायल हुई हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।"
पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर एक बच्चे के भी झुलसने की खबर सामने आई है। नदी के पास बने मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री में कई महिलाएं अपने बच्चों को लेकर काम करने आती थीं। यहां पटाखा पैक भी किए जाते थे।
बच्चे द्वारा फुलझड़ी जलाए जाने को ब्लास्ट की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोप है कि, अधिकारियों की मिलीभगत से इस तरह की अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाई जाती है।
