नए साल में युवाओं को रोजगार का तोहफा: योगी सरकार देगी डेढ़ लाख नौकरियां

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अगले साल बड़ा तोहफा आने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में उच्च स्तरीय बैठक में विभागवार सरकारी नौकरी के खाली पदों की डिटेल मांगी थी। समीक्षा के बाद वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को डेढ़ लाख सरकारी नौकरियों की सौगात देने की अनुमति दी गई है। ये भर्तियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास और अन्य विभागों में दी जाएंगी, जिसमें सबसे अधिक पुलिस और शिक्षा विभाग में भर्ती होगी।
पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती
योगी सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में 8.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। ये सभी भर्तियां पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हुईं, जिससे प्रदेश के युवाओं का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है। पहले की सरकारों में उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता नहीं थी।
2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में भर्तियां
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में लगभग 50-50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा राजस्व में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जबकि कारागार, आवास विकास, बाल विकास पुष्टाहार और स्वास्थ्य विभाग में भी खाली पदों पर भर्तियां की जाएंगी। कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, और शेष विभागों में अंतिम चरण में विज्ञापन जारी किया जाएगा।
पुलिस विभाग में आरक्षी और सब-इंस्पेक्टर पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस विभाग में वर्ष 2026 में करीब 50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसमें 30 हजार आरक्षी और 5 हजार सब-इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं। पहले से पुलिस विभाग में 2.19 लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है। यह प्रयास प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरी देने के लिए किया जा रहा है।
