Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अवध के राजनीतिक रण में बृजभूषण के दांव से चित्त दिखे महारथी

अवध के राजनीतिक रण में बृजभूषण के दांव से चित्त दिखे महारथी

राजनीतिक चौसर ऐसी बिछाई गई कि देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों में भाजपा का परचम फहरा साथ ही ब्लाक प्रमुख के 43 पद के लिए हुए चुनाव में 38 पदों पर कमल का फूल खिला।

अवध के राजनीतिक रण में बृजभूषण के दांव से चित्त दिखे महारथी
X

अतुल अवस्थी/देवीपाटन। पंचायत चुनाव की बात आती है तो सभी दल और नेता उसे हलके में लेते हैं। लेकिन इस बार के पंचायत चुनाव में देवीपाटन मंडल ही नहीं अवध क्षेत्र में करिश्माई राजनीति देखने को मिली। अवध के राजनीतिक रण में केसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के दांव से बड़े-बड़े महारथी चित्त दिखे। राजनीतिक चौसर ऐसी बिछाई गई कि देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों में भाजपा का परचम फहरा साथ ही ब्लाक प्रमुख के 43 पद के लिए हुए चुनाव में 38 पदों पर कमल का फूल खिला। कैसरगंज सांसद के धोबी पछाड़ दांव से ही यह संभव हो सका। ऐसे में न सिर्फ प्रतिदिन कैसरगंज सांसद के गोंडा आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी एक नया संदेश गया है। कैसरगंज सांसद का कद और बढ़ा है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा हाईकमान ने क्षेत्रवार सांसदों और विधायकों को प्रचार प्रसार और सरकार के कार्य को जन जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। यह भी कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव पर नजर रखें। चुनाव पारदर्शिता पूर्ण तरीके से हों। भाजपा हाईकमान के आदेश को शिरोधार्य करते हुए कैसरगंज सांसद एवं कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने देवीपाटन मंडल के साथ अवध क्षेत्र की कमान संभाली। कुश्ती के दांव पेच का कुछ राजनीतिक प्रयोग भी किया। देवीपाटन मंडल के बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर जिलों में चौसर की ऐसी गोटियां डाली कि बड़े-बड़े महारथी चारों खाने चित हो गए। मंडल के चारों जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा का परचम फहरा। फिर जब शुरू हुई ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव की कवायद तो कैसरगंज सांसद के धोबी पछाड़ दांव के चलते मंडल के 43 ब्लॉक प्रमुख पदों में से 38 पदों पर कमल खिल उठा। भाजपा की इस पंच से राजनीतिक अखाड़े के बड़े-बड़े सूरमा धराशाई हो गए। जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव के परिणामों के बाद न सिर्फ पूर्वांचल की राजनीति को एक नया संदेश मिला है बल्कि कैसरगंज सांसद का कद भी राजनीतिक गलियारे में और बढ़ा है। स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नें भी कैसरगंज सांसद के राजनीतिक प्रयोग की सराहना की है।

जिला पंचायत अध्यक्ष की स्थिति -

बहराइच मंजू सिंह भाजपा

श्रावस्ती दद्दन मिश्रा भाजपा

गोंडा घनश्याम मिश्रा भाजपा

बलरामपुर आरती तिवारी भाजपा

ब्लाक प्रमुख पद की स्थिति एक नजर में -

जनपद कुल पद भाजपा अन्य

बहराइच 14 12 02 निर्दलीय

श्रावस्ती 05 05 ---------------

गोंडा 15 14 01 सपा

बलरामपुर 09 07 02


संगठन के मंत्र पर था विश्वास हुआ सफल

कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने स्वदेश से बात करते हुए कहा कि संगठन के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर अमल करते हुए कार्य किया । सभी वर्गों का समुचित सहयोग मिला। विजयश्री उसी विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी लोगों के विकास और विश्वास के भरोसे भाजपा का परचम लहराता रहेगा।

Updated : 15 July 2021 12:45 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Lucknow

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top