BJP विधायक डॉ श्याम बिहारी का हार्ट अटैक से निधन, एक दिन पहले मनाया था 60वां बर्थ डे

बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से बीजेपी के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। जिले के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। इससे पहले मीटिंग में तबीयत बिगड़ते ही प्रशासनिक अधिकारियों और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।
विधायक की तबीयत बिगड़ते देख मौजूद लोग तुरंत इलाज के लिए मेडिसिटी अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद राजनीति जगत के साथ ही प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। उन्होंने उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था।
सर्किट हाऊस में बैठक में हो रहे थे शामिल
डॉ श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। एक पार्टी कार्यकर्ता ने बताया कि सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री एक बैठक ले रहे थे, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे। इसी दौरान दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक श्याम बिहारी लाल की तबीयत बिगड़ गई थी। करीब 3 बजे उनकी मौत हो गई।
राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
डॉ. श्याम बिहारी लाल इस तरह असामयिक निधन होना पार्टी और उनके समर्थकों के लिए गहरा आघात है। उनके निधन पर कई मंत्रियों, विधायकों और राजनीतिक नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सीएम योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने ‘एक्स’ पोस्ट किया, ‘जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके प्रति मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि है।’
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’
दूसरी बार चुनाव जीतकर बने विधायक
श्यामबिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पीएचडी की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर थे। वह भारतीय जनता पार्टी से 2017 में पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं।
बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया, “श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।”
