Home > राज्य > अन्य > कांग्रेस की नीतियों के कारण असम को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी : योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस की नीतियों के कारण असम को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी : योगी आदित्यनाथ

  • - योगी बोले कांग्रेस ने असम में घुसपैठियों की जगह बनाई
  • - योगी बोले कांग्रेस ने असम में घुसपैठियों की जगह बनाई - मोदी के नेतृत्‍व में दुनिया में महाशक्ति बन कर उभरा भारत : योगी

कांग्रेस की नीतियों के कारण असम को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी : योगी आदित्यनाथ
X

गुवाहाटी। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होजाई जिला मेंआज भाजपा उम्मीदवार रामकृष्ण घोष व शिबू मिश्र के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने असमिया में अपने संबोधन की शुरुआत की। योगी ने ब्रह्मपुत्र, असम की संस्कृति, इतिहास व महापुरुषों के साथ ही भारत रत्न डॉ भूपेन हजारिका को भी याद किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा की हमारे लिए यह प्रसन्नता की बात है कि यह शंकरदेव की धरती है। वे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पुरोधा थे। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। शंकरदेव ने राष्ट्रवाद के अलख जगाने का कार्य किया है। उन्होंने असम में घुसपैठ के प्रति सचेत किया था। यही कारण है कि कांग्रेस ने उनको कभी भी सही सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस की तुष्टिकरण नीतियों के कारण घुसपैठ, आतंकवाद के चलते राज्य को लंबे समय तक एक बड़ी कीमत चुकानी पड़ी थी।

उन्होंने कहा की मैं राज्यवासियों का अभिनंदन करना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सर्वानंद सोनोवाल पर विश्वास किया। मुझे भरोसा है कि आप एक बार फिर से विश्वास करेंगे। प्रधानमंत्री देश को यशस्वी नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीतियों पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने आज भारत को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। उन्होंने कहाकि पूर्वोत्तर भारत का विकास नहीं हो रहा था। सरकार के एजेंडे में पूर्वोत्तर कभी नहीं था। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने एक्ट ईस्ट नीति को लागू कर यह तय किया कि प्रत्येक विभाग का मंत्री पूर्वोत्तर में एक दिन बिताएगा। साथ ही गरीबों की समस्याओं का सभी मंत्रालय अवलोकन करेगा जिसकी समीक्षा प्रधानमंत्री ने स्वयं किया।

उन्होंने कहा कि नया भारत आज दुनिया के मानस पटल पर तेजी से उभरा है। अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी मोदी के नेतृत्व की सराहना की। प्रदानमंत्री मोदी ने दो वैक्सीन देकर देश ही नहीं विदेश के नागरिकों को भी बचाने का कार्य किया है। कोरोना के विरुद्ध जैसे असम के लोग विजयी बने हैं, वैसे ही विधानसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिर से असम में भाजपा विजयी होगी और डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास के कार्यों आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहाकि यह धरती मेरे लिए इसलिए भी पूज्य है, क्योंकि यहां पर उल्लेखनीय साहित्यकार पैदा हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले छह वर्षों के शासनकाल के दौरान बिना किसी भेदभाव के साथ सभी को सुविधाएं पहुंचायी गयी हैं। जिस तरह से कश्मीर को लेकर भाजपा ने कहा था कि दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेगा। ये बातें डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कही थीं। उसको प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज होजाई का भी नौजवान कश्मीर में जाकर बस सकता है। लेकिन कांग्रेस ने इसमें रोड़ा अटका दिया था।

अपने कामाख्या धाम के दर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, आज मुझे जय श्रीराम का नारा सुनाई दिया। अयोध्या के राम मंदिर को लेकर भी अपनी बातें रखीं। मंदिर के सपने को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने साकार किया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के समर्पण निधि में असम ने भव्य योगदान दिया है। इसके लिए मैं असम वासियों का आभार जताता हूं।

तीन तलाक को लेकर उन्होंने कहा कि अब कोई तीन तलाक बोला तो उसे जेल में जाना होगा। साथ ही कहा कि अगर अब कोई भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करेगा तो सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक करने की क्षमता मोदी सरकार में है। भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने का कार्य प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रहा है। असम में सोनोवाल के नेतृत्व में यह कार्य चल रहा है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रामकृष्ण घोष और शिबू मिश्र को विजयी बनाने का आह्वान किया। योगी की बातों को सुनकर उपस्थित जनता बीच-बीच में जय श्री राम के नारे लगातार लगाती रही। जनसभा में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम न होकर बल्कि कोई धार्मिक आयोजन हो। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय माहसचिव व सांसद दिलीप सैकिया, जिला अध्यक्ष अनुप देव, शिबू मिश्रा समेत अन्य नेताओं के साथ ही भारी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद थी।

Updated : 12 Oct 2021 10:51 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top