धान खरीदी में गड़बड़ियों के सामने आने के बाद एक्शन, जबलपुर कलेक्टर सौरव सुमन को हटाया

धान खरीदी में गड़बड़ियों के सामने आने के बाद एक्शन, जबलपुर कलेक्टर सौरव सुमन को हटाया
X
दीपक सक्सेना होंगे जबलपुर के नए कलेक्टर

जबलपुर। मप्र में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रशासनिक सर्जरी जारी है। जबलपुर में संभागीय समीक्षा बैठक और कैबिनेट मीटिंग के चौबीस घंटे के भीतर यहां के कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन का अचानक तबादला कर दिया गया। उनकी उनकी जगह उपभोक्ता संरक्षा विभाग में संचालक दीपक सक्सेना को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, शीतला पटले को नरसिंहपुर कलेक्टर का दायित्व सौंपा गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। अब तक लापरवाही के चलते राज्य सरकार 7 जिलों के कलेक्टर बदले जा चुके है।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में एक दिन पहले राज्य कैबिनेट की पहली बैठक जबलपुर में हुई थी। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव जबलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। इसके बाद गुरुवार को जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह 2010 बैच के आईएएस दीपक सक्सेना को जबलपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। दीपक सक्सेना अभी खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में संचालक, मध्यप्रदेश राज्य भंडार गृह निगम में प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन को अब मंत्रालय में अपर सचिव बना दिया गया है। वहीं, 2014 बैच की आईएएस शीतला पटले को नरसिंहपुर कलेक्टर पदस्थ किया गया है। नरसिंहपुर कलेक्टर बनाई गई शीतला पटले इससे पहले मंत्रालय में उप सचिव थीं। वे अभी परियोजना संचालक के साथ ही मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट व कौशल विकास संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं।

दरअसल, शाजापुर में ट्रक-बस चालकों की बैठक में ड्राइवर से बातचीत के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल को हटा दिया था और उनकी जगह नरसिंहपुर की कलेक्टर रहीं ऋजु बाफना को एक दिन पहले यानी बुधवार को शाजापुर की कलेक्टर बना दिया गया था।

Tags

Next Story