Home > राज्य > अन्य > मुंबई में ताज होटल उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था

मुंबई में ताज होटल उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था

मुंबई में ताज होटल उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था
X

मुंबई। मुंबई के मशहूर होटल ताज को बम से उड़ाने की धमकी पाकिस्तान स्थित कराची शहर से आई है। इसके बाद ताज होटल के आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियातन समुद्रीय क्षेत्र में पुलिस की गस्त भी बढ़ा दी गई है। ताज होटल के पास आने वाले वाहनों तथा होटल में आने वाले आगंतुकों की भी गहन जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार सोमवार को कराची स्टॉक एक्सचेंज पर हुए विस्फोट के बाद होटल ताज में धमकी भरा फोन आया था। इस फोन पर कहा गया कि कराची स्टॉक एक्सचेंज का विस्फोट सभी ने देखा, अब होटल ताज में 26 नवम्बर जैसा हमला फिर होने वाला है। इस फोन कॉल की जानकारी ताज होटल व्यवस्थापको ने तत्काल मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद इस फोन की ट्रेसिंग की गई और पता चला कि फोन कराची से किया गया था। मुंबई पुलिस इस फोन की गहन जांच कर रही है। इसके साथ पुलिस ने होटल ताज के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।

उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर,2008 को अजमल कसाब अपने 10 साथियों के साथ समुद्रीय मार्ग से दक्षिण मुंबई के कफ परेड इलाके से होटल ताज तक पहुंचा था। इन आतंकवादियों ने होटल ताज सहित मुंबई के छह महत्वपूर्ण ठिकानों पर एक साथ हमला किया था, जिससे तकरीबन 166 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। अकेले ताज होटल में 31 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के आरोपितों में से अकेले अजमल कसाब को पुलिस ने जिंदा गिरफ्तार किया था और उसे 21 नवम्बर,2012 को फांसी दी गई। कराची से आए फोन ने 26 नवम्बर के हमले की याद ताजा करवा दी है, इससे मुंबई पुलिस पूरी सतर्कता से इस फोन की जांच कर रही है।

Updated : 30 Jun 2020 10:58 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top