Home > राज्य > अन्य > महाराष्ट्र और दिल्ली की स्थिति में सुधार, लेकिन मध्य प्रदेश और गुजरात ने बढ़ाई टेंशन

महाराष्ट्र और दिल्ली की स्थिति में सुधार, लेकिन मध्य प्रदेश और गुजरात ने बढ़ाई टेंशन

महाराष्ट्र और दिल्ली की स्थिति में सुधार, लेकिन मध्य प्रदेश और गुजरात ने बढ़ाई टेंशन
X

नई दिल्ली। देश में कोरोना से 14378 लोग संक्रमित हो चुके हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली में मरीजों की संख्या बढ़ने की रफ्तार कम होने से राहत मिली है, लेकिन मध्य प्रदेश और गुजरात ने टेंशन बढ़ा दी है। इन दोनों राज्यों में वायरस तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। कोरोना वायरस की वजह से हुई मौतों के मामले में भी मध्य प्रदेश और गुजरात दिल्ली से आगे निकल गए हैं।

मध्यप्रदेश के इन्दौर में शुक्रवार रात को कोविड-19 संक्रमण के 50 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 1,360 पर पहुंच गई है। प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस के 1,360 मरीजों में से अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इंदौर में कोरोना वायरस से 892 लोग संक्रमित हैं।

इंदौर में इस घातक महामारी से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा भोपाल और उज्जैन में छह-छह, देवास में पांच, खरगोन में चार और छिंदवाड़ा में एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हुई है। कोरोना वायरस का घातक संक्रमण मध्यप्रदेश के 25 जिलों में फैल चुका है। प्रदेश में कुल 52 जिले हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित 99 लोग शनिवार तक स्वस्थ होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं।

गुजरात में कोरोना के 176 मरीज सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1272 तक पहुंच गई है। इनमें से अब तक 88 लोग ठीक हुए हैं। कोविड-19 के सबसे अधिक 143 नए मरीज अहमदाबाद में सामने आए हैं। 13-13 लोग सूरत और वड़ौदरा में संक्रमित पाए गए हैं। राजकोट और भावनगर में 2-2 और आनंद, भारूच और पंचमहल में 1-1 व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। शुक्रवार शाम 6 बजे के बाद से राज्य में 19 मरीजों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 48 तक पहुंच गई है।

कोरोना संक्रमितों की संख्या गुजरात में शुक्रवार को ही 1 हजार के पार गई थी। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की संख्या में तेजी सर्विलांस बढ़ाने और हॉटस्पॉट में टेस्टिंग बढ़ाने की वजह से हुई है। राज्य सूचना विभाग के मुताबिक केंद्र से शुक्रवार को 24,000 रैपिड टेस्टिंग किट्स मिले हैं। राज्य के अधिकतर केस अहमदाबाद, वड़ौदरा, सूरत, राजकोट और भावनगर में हैं।

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। राज्य में शुक्रवार को 67 नए केस सामने आए हैं और मरीजों की संख्या 1767 तक पहुंची है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना की वजह से 42 लोगों की अब तक मौत हुई है। 911 मरीज हॉस्पिटलों में भर्ती हैं। इनमें से 27 आईसीयू और 6 वेंटिलेटर पर हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमण के शुक्रवार को 118 नए मामले आने के साथ ही राज्य में अभी तक 3,320 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने आज बताया कि शुक्रवार को राज्य में 7 लोगों की संक्रमण से मौत हुई हैं अभी तक कुल 201 लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होकर 331 लोग अपने घर लौट चुके हैं। अभी तक 61,740 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण के लिए जांच हुई है।

उन्होंने बताया कि जिन 7 लोगों की मौत हुई है उनमें से 5 मुंबई के हैं और उन्हें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियां थीं। राज्य में अभी तक संक्रमण के 3,320 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें से 2,085 मामले मुंबई के हैं। वहीं कुल 201 मौतों में से 122 लोगों की मौत अकेले मुंबई शहर में हुई है। वहीं, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि 20 अप्रैल से कुछ औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होंगी लेकिन यह कोरोना वायरस रोकथाम/उन्मूलन के लिए तय नियमों के पालन के आधार पर होगा।

Updated : 19 April 2020 7:38 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top