Home > राज्य > अन्य > बर्फबारी से जमा शिमला और मनाली, तापमान शून्य से नीचे पहुंचा

बर्फबारी से जमा शिमला और मनाली, तापमान शून्य से नीचे पहुंचा

बर्फबारी से जमा शिमला और मनाली, तापमान शून्य से नीचे पहुंचा
X

शिमला। बर्फबारी से समूचा हिमाचल प्रदेश जम सा गया है। पहाड़ से मैदान तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। शिमला सहित राज्य के चार पर्वतीय जिलों में पारा माइनस में पहुंच गया है। पर्यटन स्थल शिमला और मनाली में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोनों शहर बर्फ से ढके हुए हैं। रविवार देर रात भी बर्फबारी हुई है। ऊंची चोटियों में अभी भी बर्फ गिर रही है। रविवार रात कल्पा में 25, शिमला में 15, कुफरी में 14 और मनाली में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण सैकड़ों सड़कें और बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं।

बर्फबारी से सबसे ज्यादा प्रभावित शिमला जिला है। अप्पर शिमला के कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पहाड़ी क्षेत्रों में और बर्फबारी की संभावना जताई है। मैदानी हिस्सों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे प्रदेश में शीतलहर की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान - 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। दूसरे नंबर पर शिमला से सटा पर्यटन स्थल कुफरी रहा। यहां न्यूनतम तापमान -3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा और चम्बा के डलहौजी में न्यूनतम तापमान क्रमशः -2.6 और -2 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला और मनाली में शून्य, सुंदरनगर में 6.1, भुंतर में 5.8, धर्मशाला में 2.2, ऊना में 9, नाहन में 7.5, पालमपुर में 3.5, सोलन में 4.7, कांगड़ा में 7.1, मंडी में 7.9, हमीरपुर में 7, बिलासपुर में 9, चम्बा में 1.3 और जुब्बड़हट्टी में 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Updated : 27 Jan 2022 8:42 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top