Home > राज्य > अन्य > जो किसानों को खत्म करने की सोचेगा, देश की जनता उसे खत्म कर देगी : शरद पवार

जो किसानों को खत्म करने की सोचेगा, देश की जनता उसे खत्म कर देगी : शरद पवार

जो किसानों को खत्म करने की सोचेगा, देश की जनता उसे खत्म कर देगी : शरद पवार
X

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि जो किसानों को खत्म करने की सोचेगा, देश की जनता उसे खत्म कर देगी। उन्होंने दिल्ली के आंदोलनरत किसानों के समर्थन में आजाद मैदान पर आंदोलन करने वाले किसानों का आभार व्यक्त किया।

राकांपा के अध्यक्ष पवार मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र के संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आयोजित प्रदर्शन को सोमवार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमा पर पिछले 60 दिनों से देश के किसान केंद्र सरकार के तीन किसान विरोधी कृषि कानून का विरोध कर रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास इन किसानों से बात करने का समय नहीं है। केंद्र सरकार के प्रतिनिधि कह रहे हैं कि यह किसान आंदोलन सिर्फ पंजाब के ही किसानों का है। पवार ने कहा कि इस मोर्चे में पंजाब व हरियाणा के अधिकांश किसान हैं। उन्होंने कहा कि क्या पंजाब पाकिस्तान का हिस्सा है। अगर पंजाब के किसान हैं तो क्या उनकी बात नहीं सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब का देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

राकांपा अध्यक्ष पवार ने कहा कि किसान विरोधी बिल केंद्र सरकार संसद में लाई और एक ही दिन में इस कानून को जबरन पास करवा लिया। विपक्ष इस कानून पर चर्चा की मांग कर रहा था, लेकिन सरकार ने विपक्ष की बात को अनसुना कर इसे बहुमत के आधार पर पास कर दिया। इसके बाद इस विधेयक को संयुक्त समिति में भेजना चाहिए था, लेकिन सरकार ने इसे सीधे कानून के रूप में परिवर्तित कर दिया। अब किसान इस कानून के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री उनकी आवाज सुनना नहीं चाहते हैं। राकांपा अध्यक्ष ने आज राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर भी जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल को पता था कि किसानों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने आ रहा है। इसके बाद भी राज्यपाल गोवा चले गए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में ऐसा राज्यपाल हमने नहीं देखा।

Updated : 12 Oct 2021 11:03 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top