Home > राज्य > अन्य > कांग्रेस के हाथ से फिसल रही पंजाब की कमान, दो विधायक भाजपा में शामिल

कांग्रेस के हाथ से फिसल रही पंजाब की कमान, दो विधायक भाजपा में शामिल

कादियां विधानसभा सीट पर आमने-सामने नजर आ सकते हैं बाजवा भाई

कांग्रेस के हाथ से फिसल रही पंजाब की कमान, दो विधायक भाजपा में शामिल
X

चंडीगढ़। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सूबे की सत्ता पर काबिज कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस विधायक फतेह सिंह बाजवा और बलविंदर सिंह लड्डी ने पार्टी को अलविदा कह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। हाल के कुछ महीनों में कांग्रेस के खेमे में जो उठा-पटक और खींचतान मची है, उससे समझा जा रहा कि पंजाब धीरे-धीरे कांग्रेस के पंजे से निकलता जा रहा है।

पंजाब भाजपा के प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दोनों विधायकों को आज पार्टी की सदस्यता दिलायी। भाजपा में शामिल होने वाले विधायक फतेह सिंह बाजवा कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा के छोटे भाई हैं। फतेह सिंह बाजवा पंजाब की कादियां विधानसभा सीट से विधायक हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में बड़े भाई प्रताप सिंह बाजवा के कादियां सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों के मद्देनजर फतेह सिंह ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।

दो भाइयों के बीच चुनावी मुकाबला -

हालांकि, हाल ही में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कादियां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि उम्मीदवारों की पहली सूची में फतेह सिंह बाजवा का टिकट पक्का है। लेकिन कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा की विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी और फतेह सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद स्पष्ट है कि कादियां विधानसभा सीट पर दो भाइयों के बीच चुनावी जंग देखने को मिलेगी।

दिनेश मोंगिया ने शुरू की सियासी पारी -

दरअसल, फतेह सिंह को यह आशंका थी कि कादियां विधानसभा सीट पर टिकट की लड़ाई में पलड़ा उनके बड़े भाई की ओर झुक जाएगा। ऐसे में उन्होंने भाजपा के दरवाजे पर दस्तक देना मुनासिब समझा। फतेह सिंह बाजवा के अलावा भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस के दूसरे विधायक बलविंदर सिंह लड्डी हरगोबिंदपुर से विधायक हैं। इनके अलावा शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक गुरतेज सिंह यूनाइटेड अकाली दल के पूर्व सांसद राजदेव सिंह खालसा और पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मधुमीत ने भी भाजपा की सदस्यता ली। पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने भी सियासी पिच पर हाथ आजमाने के लिये भाजपा के साथ नई पारी की शुरुआत कर दी।


Updated : 29 Dec 2021 10:12 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top