Home > राज्य > अन्य > पंजाब की 16वीं विधासनभा का पहला सत्र शुरू, 82 विधायक पहली बार पहुंचे सदन

पंजाब की 16वीं विधासनभा का पहला सत्र शुरू, 82 विधायक पहली बार पहुंचे सदन

कैप्टन, बादल, सिद्धू समेत कई बड़े दिग्गज हुए गायब

पंजाब की 16वीं विधासनभा का पहला सत्र शुरू, 82 विधायक पहली बार पहुंचे सदन
X

चंडीगढ़। पंजाब में 16वीं विधानसभा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र गुरुवार से शुरू हो गया। विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने नव निर्वाचित विधायकों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को शपथ दिलवाने के बाद राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने बुधवार शाम राजभवन में अमृतसर दक्षिणी हल्के के विधायक इंद्रबीर निज्जर को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई थी।गुरुवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भगवंत मान पहली बार सदन में पहुंचे। सदन में प्रवेश करने से पहले उन्होंने चौखट पर माथा टेका। इसके बाद पहली बार सदन में पहुंचे आम आदमी पार्टी के कई विधायकों ने भी माथा टेककर सदन के भीतर प्रवेश किया।

117 सदस्यों वाली पंजाब विधानसभा में 82 विधायक पहली बार चुनकर पहुंचे हैं। इसके अलावा सबसे अधिक 13 महिलाएं सदन में पहुंची हैं। विधानसभा में आम आदमी पार्टी के 92, कांग्रेस के 18, अकाली दल के तीन, बहुजन समाज पार्टी के एक, भाजपा के दो तथा एक निर्दलीय विधायक हैं।

पंजाबी में शपथ ली

प्रोटेम स्पीकर ने सबसे पहले भगवंत मान को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पंजाब में पहली बार चुनकर पहुंची 13 महिला विधायकों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद सदन में अन्य विधायकों को शपथ दिलाई गई।पंजाब के ज्यादातर विधायकों ने पंजाबी भाषा में शपथ ली जबकि जालंधर से रमन अरोड़ा तथा अबोहर से संदीप जाखड़ ने हिंदी तथा मलेरकोटला के विधायक मोहम्मद जमीलु रहमान ने उर्दू में शपथ ली।

सदन से गायब दिग्गज -

कैप्टन अमरिंदर सिंह दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे लेकिन 16वीं विधानसभा अमरिंदर सिंह के बगैर ही चलेगी। प्रकाश सिंह बादल ने अपने जीवन में 10 चुनाव लड़े ज्यादातर जीते और पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने। पिछले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी इस सदन में नहीं होंगे। पंजाब में पिछले वर्षों के दौरान हुए विधानसभा सत्रों के दौरान नवजोत सिद्धू तथा बिक्रमजीत सिंह मजीठिया दो ऐसे चेहरे थे जो सदन के भीतर भी न केवल आपस में भिड़ जाते थे बल्कि कई बार गाली-गलौच की स्थिति भी आई। सदन के भीतर यह दोनों नेता अक्सर मीडिया की सुर्खियों में रहे हैं। इस बार दोनों नेता सदन में नहीं होंगे।

बसपा ने जय भीम के नारे लगाए -

पंजाब विधानसभा में लंबे अंतराल के बाद शहीद भगत सिंह नगर विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के विधायक नछत्र सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद जय भीम-जय भारत का नारा लगाया। आम आदमी पार्टी के ज्यादातर विधायकों ने सदन में शपथ के बाद इंकलाब-जिंदाबाद का नारा लगाया।

Updated : 2 April 2022 8:33 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top