Home > राज्य > अन्य > उत्तराखंड खेल प्रदेश के रूप में बनाएगा पहचान : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड खेल प्रदेश के रूप में बनाएगा पहचान : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का किया शुभारम्भ

उत्तराखंड खेल प्रदेश के रूप में बनाएगा पहचान : मुख्यमंत्री
X

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि भविष्य में उत्तराखंड, खेल प्रदेश के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मंगलवार को परेड ग्राउण्ड, देहरादून स्थित बहुद्देशीय खेल सभागार में मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारम्भ करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में उस सतरंगी इन्द्रधनुष के समान है, जो बारिश के बाद काले बादलों के बीच निकलकर रंग-बिरंगी दुनिया का संदेश देता है। यह प्रतियोगिता 7 से 14 दिसम्बर 2021 तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लगन सिखाते हैं। टीम भावना से खेलना आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण करना और सुधार करना सिखाता है। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें तो हम अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं। युवाओं में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि निश्चित ही भविष्य में उत्तराखंड, खेल प्रदेश के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा। राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल विश्वविद्यालय बनाने के लिए भी कृतसंकल्प है।

स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। देहरादून में खेलो इंडिया स्टेट लेवल सेंटर और स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का निर्माण किया जायेगा। राज्य के हर ग्राम सभा में 'स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखंड' योजना के अन्तर्गत ओपन जिम खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ओलंपिक के बाद हर परिवार में खेल की चर्चा शुरू-

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार ओलंपिक और पैरालिंपिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। आज युवा इको सिस्टम को देख और समझ रहा है। ओलंपिक के बाद हर परिवार में खेल की चर्चा शुरू हुई है, इसे रुकने नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से जहां खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाने का मौका मिलता है वहीं वे दूसरे राज्यों की संस्कृति से भी रू-ब-रू होते हैं।

खेल नीति-2021 -

राज्य सरकार ने प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए 'खेल नीति-2021' को लागू किया है। 'उत्तराखंड खेल नीति 2021' में खेल, खिलाड़ियों के उन्नयन, खेल प्रतिभाओं को तलाशने, निखारने व उभारने, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, खिलाड़ियों के नियोजन, सामान्य आहार के साथ-साथ एक्स्ट्रा न्यूट्रिएंट्स फूड डाइट की व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए रोज़गार के अवसर और सम्बंधित पूर्ण सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान किया गया है


Updated : 11 Dec 2021 6:21 AM GMT
Tags:    
Next Story
Top