Home > राज्य > अन्य > हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल साईकिल से पहुंचे सचिवालय, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल साईकिल से पहुंचे सचिवालय, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल साईकिल से पहुंचे सचिवालय, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
X

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज बुधवार को 'वर्ल्ड कार-फ्री डे' के अवसर पर कैबिनेट के अपने कुछ साथियों के साथ साइकिल चलाकर सचिवालय पहुंचे। इस अवसर पर बताया कि राज्य में ई-वाहनों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार द्वारा आरंभ में ई-वाहन खरीदने वाले लोगों को सब्सिडी दी जाएगी। सरकार ने निर्धारित अवधि से पुराने वाहनों को एनसीआर क्षेत्र में बंद करने के लिए व्हीकल-स्क्रैप पॉलिसी भी बनाई है।

मुख्यमंत्री आज 'वर्ल्ड कार-फ्री डे' के अवसर पर साइकिल चलाकर यहां सिविल सचिवालय पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ई-वाहनों के प्रति जागरूकता प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश के लोगों को पर्यावरण संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि वाहनों की निरंतर संख्या बढ़ने से पर्यावरण प्रदूषित होता जा रहा है।

स्टेटस सिंबल -

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोगों ने वाहनों को स्टेटस सिंबल मान लिया है जिसके कारण घर व कार्यालय नजदीक होते हुए भी कर्मचारी और अधिकारी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने 22 सितम्बर को ' वर्ल्ड कार-फ्री डे' के मौके पर लोगों को कार-पूलिंग सिस्टम अपनाने या नजदीक जगह के लिए पैदल या साइकिल से जाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वायुमंडल में आक्सीजन की प्रचुर मात्रा होनी आवश्यक है,परंतु प्रदूषण के कारण पर्यावरण में कार्बन डाइक्साइड की मात्रा बढ़ती जा रही है।

प्रदूषण कम करने की दिशा में कदम -

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में आक्सी वन लगाने को बढ़ावा दिया जा रहा है। वन विभाग द्वारा भी करीब तीन करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को पौधरोपण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदूषण कम करने की दिशा में कदम उठाते हुए गुरुग्राम में अभी तक सीएनजी बसों को प्रोत्साहित किया जा रहा था, परंतु अब वहां भी ई-बसों और ई-ऑटो को चलाने पर बल दिया जाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, शिक्षा मंत्री कंवर पाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल के अलावा कई विधायक मुख्यमंत्री निवास से सिविल सचिवालय,हरियाणा तक साईकिल द्वारा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विभिन्न वाहन निर्माता कंपनियों द्वारा निर्मित ई-स्कूटर तथा ई-कारों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

Updated : 12 Oct 2021 10:31 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top