Home > राज्य > अन्य > विधानसभा के बाद निकायों में भी टूटी शिवसेना, एकनाथ शिंदे को पार्षदों का भी मिला समर्थन

विधानसभा के बाद निकायों में भी टूटी शिवसेना, एकनाथ शिंदे को पार्षदों का भी मिला समर्थन

विधानसभा के बाद निकायों में भी टूटी शिवसेना, एकनाथ शिंदे को पार्षदों का भी मिला समर्थन
X

मुंबई। ठाणे और नवी मुंबई के कुल 96 पार्षदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे में विश्वास जताया है और शिंदे समूह से जुड़ गए हैं। ठाणे नगर निगम के पूर्व महापौर नरेश ह्मस्के ने कहा कि बहुत जल्द कल्याण डोंबिवली नगर निगम के शिवसेना पार्षद भी शिंदे समूह में शामिल होने वाले हैं।

बुधवार रात में ठाणे नगर निगम के सभी 66 पार्षद एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास नंदनवन में सीएम से मिले थे। इन सभी पार्षदों ने सीएम शिंदे में अपना विश्वास व्यक्त किया और शिंदे समूह में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद आज नवी मुंबई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विजय चौगुले ने भी शिवसेना के 30 पार्षदों के साथ शिंदे समूह में शामिल होने की घोषणा की है। विजय चौगुले आज इन सभी पार्षदों के साथ सीएम एकनाथ शिंदे से ठाणे स्थित उनके आवास नंदनवन बंगले पर मिलने वाले हैं। नई मुंबई नगरनिगम में शिवसेना के कुल 38 पार्षद हैं, इनमें से 8 पार्षदों ने अभी भी शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ रहने की घोषणा की है।

ठाणे नगर निगम के पूर्व महापौर नरेश ह्मस्के ने बताया कि महाराष्ट्र में शिंदे समूह के पार्षदों की संख्या बढ़ सकती है। कल्याण डोंबिवली सहित कई अन्य नगर निगम के पार्षदों ने सीएम शिंदे के साथ जुड़ने की इच्छा व्यक्त की है। इन सबसे बात करने के बाद सबको शिंदे समूह में शामिल किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि शिवसेना से 40 बागी विधायकों के साथ अलग होने के बाद शिंदे समूह ने शिवसेना पर कब्जा जमाने की तैयारी कर ली है। इसके तहत शिंदे समूह लोकसभा के अधिकांश सांसदों को तथा शिवसेना के पार्षदों को अपने खेमे में लाने की तैयारी कर रहा है।

Updated : 7 July 2022 12:25 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top