Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > भाजपा बूथ अध्यक्षों के दम पर दो तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेगी

भाजपा बूथ अध्यक्षों के दम पर दो तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेगी

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीतापुर में बूथ अध्यक्षों को किया संबोधित

भाजपा बूथ अध्यक्षों के दम पर दो तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेगी
X

सीतापुर। टिकाऊ कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा का संगठन चल रहा है, हजारों कार्यकर्ताओं के दम पर यह पार्टी आज विश्वस्तरीय व विश्वसनीय पार्टी बन गई है। जिस पार्टी का आधार बूथ स्तर तक हो, वह कोई भी चुनाव जीत सकती है। उत्तर प्रदेश में भाजपा बूथ अध्यक्षों के दम पर एक बार फिर दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर चुनाव जीतेगी।


यह बात अवध प्रांत के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कही। राजनाथ सिंह ने बूथ अध्यक्षों में उत्साह भरते हुए कहा कि आप हमारे सेनानी हो, ऐसे सैनिकों के दम पर ही पार्टी चुनाव जीत रही है। सेनानियों का जितना अभिनंदन किया जाए वह कम है। पार्टी की जान बूथ अध्यक्ष ही हैं।

यूपी में बूथ अध्यक्षों के दम पर मिलेगा दो तिहाई बहुमत -


रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा व श्रावस्ती के बूथ अध्यक्षों के नाम गिनाते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इनसे वार्ता में बूथ कार्यकर्ताओं के अन्दर जो उत्साह देखा, उससे मैंने अंदाजा लगा लिया कि यूपी में अब चावल पक चुका है, दुनिया की कोई भी ताकत दो तिहाई बहुमत मिलने से नहीं रोक सकेगी। "बूथ जीता तो चुनाव जीता" इस मंत्र के दम पर करिश्मा हुआ है।

जहां पर कम-वहां पर हम -

अपने भाषण में उन्होंने बूथ अध्यक्षों को शीश झुकाकर अभिनंदन करने की बात कह जोश भरते हुए कहा कि "जहां पर कम-वहां पर हम" इस धारणा के साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ आज दुष्प्रचार व बेमेल गठजोड़ चल रहा है, इसका जवाब देने के लिए सभी को सक्रिय रहने की जरूरत है।

विपक्षी दलों की पोल खोलने का काम करें कार्यकर्ता -

उन्होंने कहा कि अपने बूथ को जीतने की रणनीति बनाकर यूपी में अन्य विपक्षी दलों की पोल खोलने का भी काम करना है। उन्होंने कोरोना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों को जनता के बीच बताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा सेवा के दम पर ही कार्य करती है। कोरोना में अन्य दलों के नेता जब घर से नहीं निकल रहे थे, तब हमारे बूथ अध्यक्ष से लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ता सेवा कार्य कर रहे थे। सपा-बसपा के लोग कहीं नहीं दिखे, आज पार्टी सेवा के आधार पर ही चुनाव मैदान में है।

योगी का नाम सुनकर बढ़ जाती है गुंडों की धड़कनें -

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने योगी सरकार की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि 2012 से 2017 तक यूपी की जनता ने सपा सरकार देखी है। प्रदेश में 2017 से योगी सरकार है, जब दोनों सरकारों की तुलना की जाएगी तो योगी आदित्यनाथ की सरकार भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार ने बहुत अच्छे काम किए हैं। पूर्ववर्ती सरकारों में मंत्रियों पर बलात्कार व भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे, गुंडों, माफियाओं का बोलबाला था, आज यूपी में योगी का नाम सुनकर गुंडों-बदमाशों की धड़कनें बढ़ जाती है। अच्छी कानून व्यवस्था के कारण दूसरे देशों से निवेश यूपी में हो रहा है। सशक्त भारत के लिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत बहुत जरूरी है।

किसानों व राम भक्तों पर गोली नहीं चलाते -

सिंह ने अपने भाषण के दौरान विपक्ष के जिन्ना प्रेम की चर्चा करते हुए कहा कि जिन्ना देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने किसान बिल वापसी के संबंध में कहा कि हम किसानों और रामभक्तों पर गोली चला नहीं चलाते। पूर्ववर्ती सरकारों का इतिहास किसानों और राम भक्तों पर गोली चलाने का रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीतापुर जिले का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह नैमिषारण्य की पवित्र व सूफी-संतों की भी धरती है। उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन मनोज पांडे को नमन करते हुए कहा कि अदम्य साहस का परिचय देने में इस पवित्र धरती का गौरवशाली इतिहास है।

Updated : 25 Nov 2021 1:38 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top