Home > राज्य > अन्य > बाबा राम रहीम की फरलो हुई पूरी, लौटे सुनरिया जेल

बाबा राम रहीम की फरलो हुई पूरी, लौटे सुनरिया जेल

बाबा राम रहीम की फरलो हुई पूरी, लौटे सुनरिया जेल
X

चंडीगढ़। साध्वी यौन शोषण और पत्रकार हत्याकांड में सजायाफ्ता डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सोमवार को रोहतक के सुनारिया जेल में वापसी हो गई है। राम रहीम 21 दिन की फरलो के बाद वापस जेल लौटा है।

राम रहीम को प्रदेश सरकार ने 7 फरवरी को फरलो पर भेजा था। डेरा प्रमुख को सीबीआई कोर्ट ने दो साध्यवियों से दुष्कर्म के मामले में 2017 में सजा सुनाई थी। वह तभी से यहीं पर बंद है। इसके बाद पत्रकार और डेरा प्रबंधक की हत्या के मामले में भी सजा सुनाई गई। डेरा प्रमुख कई बार पैरोल की भी मांग कर चुका था। 21 दिन की फरलो पर वह पहली बार जेल से बाहर आया था।

फरलो के दौरान वह गुरुग्राम स्थित आवास पर ही रहा। इस दौरान हरियाणा सरकार के राम रहीम को जेड सुरक्षा प्रदान करने पर खूब हंगामा हुआ। डेरा प्रमुख की फरलो की अवधि रविवार को पूरी हुई। माना जा रहा था कि वह रविवार शाम तक जेल आ सकता है। इसीलिए पुलिस की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। बाद में पता चला कि सोमवार दोपहर 12 बजे से पहले डेरा प्रमुख को सुनारिया जेल पहुंचना है। सोमवार सुबह से ही जेल के मुख्य रास्ते से लेकर अन्य स्थानों पर कड़ी सुरक्षा कर दी गई थी। करीब पौने 12 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच डेरा प्रमुख का काफिला सुनारिया जेल पहुंचा।

आईआईएम पुलिस चौकी से लेकर जेल परिसर तक पांच जगह नाकाबंदी की गई। इसी दौरान अन्य कैदियों और बंदियों से मिलने आए लोगों को भी वापस भेज दिया गया। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी मुलाकाती को जेल के अंदर नहीं जाने दिया गया। बहरहाल राम रहीम अब पहले की तरह जेल में ही रहेगा।

Updated : 2 March 2022 10:44 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top