नवीन पटनायक के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, अब नए मंत्रिमंडल का होगा गठन

नवीन पटनायक के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, अब नए मंत्रिमंडल का होगा गठन
X

भुवनेश्वर। नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम में शनिवार को नवीन पटनायक मंत्रिमंडल से सभी 20 मंत्रियों ने त्यागपत्र दे दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद समस्त मंत्रियों ने अपना-अपना त्यागपत्र भेज दिया है। अब रविवार सुबह 11.45 बजे नया मत्रिमंडल का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल नये मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।

आज सुबह तक किसी भी मंत्री के पास मुख्यमंत्री के इस निर्णय की जानकारी नहीं थी। एक के बाद एक मंत्री को मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन कर त्यागपत्र देने को कहा गया। हालांकि, इस तरह की सूचना मिल रही थी कि मुख्यमंत्री ने कुछ मंत्रियों को पद से हटाने का निर्णय किया है।

22 साल का मुख्यमंत्रित्व काल -

सूत्रों के अनुसार जो लोग कल मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले हैं, उनके पास भी फोन गए हैं तथा उन्हें तत्काल भुवनेश्वर पहुंचने के लिए कहा गया है। अपने राजनीतिक जीवन में 25 साल पूरा करने वाले नवीन पटनायक ने अभी तक के 22 साल के मुख्यमंत्रित्व काल में पहली बार ऐसा निर्णय लिया है। इससे पहले भी उन्होंने मंत्रिमंडल में फेरबदल की है, तब कुछ मंत्रियों को हटाकर उनके स्थान पर नये लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल करते थे।

पांचवें कार्यकाल के तीन साल -

गत 29 मई को मुख्यमंत्री के पांचवें कार्यकाल के तीन साल पूरे हुये हैं। राज्यसभा चुनाव व ब्रजराजगर उपचुनाव भी संपन्न हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री आगामी 2024 आम चुनाव को ध्यान में रखकर अपने मंत्रिमंडल का गठन करना चाहते है ।

Tags

Next Story