Home > राज्य > विधायक वासुदेव देवनानी आज सर्वसम्मति से चुने जाएंगे विधानसभा अध्यक्ष

विधायक वासुदेव देवनानी आज सर्वसम्मति से चुने जाएंगे विधानसभा अध्यक्ष

देवनानी के सामने किसी ने नामांकन नहीं भरा। सोलहवीं विधानसभा के लिए निर्वाचित विधायक देवनानी ने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन पत्र विधानसभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किये।

विधायक वासुदेव देवनानी आज सर्वसम्मति से चुने जाएंगे विधानसभा अध्यक्ष
X

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक वासुदेव देवनानी गुरुवार को सोलहवीं विधानसभा के निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने जाएंगे। अजमेर उत्तर से विधायक देवनानी ने विधानसभा सत्र के पहले दिन बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। देवनानी के सामने किसी ने नामांकन नहीं भरा। सोलहवीं विधानसभा के लिए निर्वाचित विधायक देवनानी ने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन पत्र विधानसभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किये। विधानसभा के प्रथम सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को दोपहर बाद विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन किया जायेगा।

प्रमुख सचिव शर्मा के समक्ष प्रस्तुत पांच नामांकन पत्रों में प्रथम नामांकन पत्र में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के प्रस्ताव का पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अनुमोदन किया। दूसरे नामांकन पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रस्ताव का विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा ने अनुमोदन किया। तीसरे नामांकन पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रस्ताव का विधायक राजकुमार रोत ने अनुमोदन किया। इसी प्रकार चौथे नामांकन पत्र में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के प्रस्ताव का विधायक चन्द्रभान सिंह चौहान ने अनुमोदन किया। पांचवे नामांकन में विधायक हनुमान बेनीवाल के प्रस्ताव का विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने अनुमोदन किया। इससे पूर्व बुधवार को सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन करीब तीन घंटे सत्र चलने के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार दोपहर ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। बुधवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे सहित 191 विधायकों ने शपथ ली। अनुपस्थित आठ विधायक संभवत गुरुवार को शपथ लेंगे, इनमें भाजपा के तिजारा से विधायक महंत बालकनाथ, नदबई से विधायक जगत सिंह, बांदीकुई से विधायक भागचंद टाकड़ा, निंबाहेड़ा से विधायक श्रीचंद कृपलानी, वैर से बहादुर सिंह कोली तथा कांग्रेस के बागीदौरा से विधायक महेंद्रजीत मालवीय, दांतरमगढ़ के विधायक वीरेंद्र सिंह और रायसिंह नगर विधायक सोहनलाल नायक शामिल हैं।

Updated : 21 Dec 2023 7:36 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Desk

Swadesh Desk


Next Story
Top