Uma Bharti: फिर जागा व्यापम कांड का जिन्न! पूर्व CM उमा भारती ने मध्यप्रदेश क्राइम ब्रांच की जांच पर उठाए सवाल

फिर जागा व्यापम कांड का जिन्न! पूर्व सीएम उमा भारती ने मध्यप्रदेश क्राइम ब्रांच की जांच पर उठाए सवाल
भोपाल। मध्यप्रदेश के चर्चित व्यापम कांड (Vyapam scam) का जिन्न एक बार फिर जाग गया है। पूर्व सीएम उमा भारती (Former CM Uma Bharti) ने कहा है कि, व्यापम में उनका नाम कैसे आया CBI को इसकी जांच करनी चाहिए। एमपी क्राइम ब्रांच की जांच पर सवाल खड़े करते हुए उमा भारती ने कहा कि, मध्यप्रदेश क्राइम ब्रांच का कारनामा जानना जरूरी है।
उमा भारती ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राजनीतिक प्रताड़ना से लेकर अपने राजनीतिक भविष्य तक, हर विषय पर खुलकर बात की। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि, उनके बयानों से यह न समझा जाए कि, वे भाजपा से अलग हो रहीं हैं। गौ और गंगा की अदालत लगती रहेगी।
पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा -
"मैं आज तक यह समझ नहीं पाई कि, व्यापम में मेरा नाम कैसे आया? यह बिलकुल ऐसा है जैसे शुभांशु शुक्ला की जगह मैं अंतरिक्ष में हो आई। एटीएस और सीबीआई की कार्रवाई पर मुझे पूरा भरोसा है, मध्यप्रदेश क्राइम ब्रांच ने ऐसा क्या कारनामा किया जो मेरा नाम इसमें आया...कितने लोग इसमें मरे हैं? कितनों के घर बर्बाद हुए....क्या मेरे नाम की आड़ में किसी और को बचाया गया है? सीबीआई को इसकी जांच करनी चाहिए। कोई और उमा थी या था इसकी जांच हो।"
"राजनीतिकी करियर पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि, मैं 10 से 15 साल तक राजनीति में रहूंगी। मन हुआ तो आगामी चुनाव भी लड़ूंगी। मैंने अटल जी और आडवाणी जी के साथ काम किया है। तब मैं उनसे 40 साल छोटी थी। मेरी उम्र अभी 75 नहीं हुई। भाजपा से मुझे कोई अलग नहीं कर सकता। अगर कोई यह बात कर रहा है तो वह गलत है।"
